
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न छठ घाटों का फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन, श्रद्धालुओं को दी महापर्व की शुभकामनाएं
पूर्णिया। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने तेजा टोला घाट, कुम्हैनिया घाट, पेकहा घाट, महाभारत क्लब घाट, विद्या मंदिर ओटिपाड़ा घाट एवं विजय बाबू पोखर घाट का फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया।
इस अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठ महापर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छठ हमारी संस्कृति, परंपरा, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व बिहार की मिट्टी और लोकजीवन से गहराई से जुड़ा हुआ है। सदियों से इस महापर्व के प्रति लोगों की अटूट श्रद्धा और विश्वास बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि भगवान भास्कर की असीम ऊर्जा राष्ट्र और राज्य के विकास की ध्वजवाहक बने, यही उनकी कामना है। छठ महापर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, अनुशासन, स्वच्छता और समर्पण का संदेश देता है।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित लोगों से व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेहतर इंतजाम सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पूजा समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अंत में तारकिशोर प्रसाद ने छठी मैया से प्रार्थना की कि सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारा कायम रहे।















