
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र में छठ महापर्व के पहले अर्घ्य के दिन दो अलग-अलग स्थानों पर फेंके गए दवा के कचरे में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। आग लगने से पूरे इलाके में जहरीला धुआं फैल गया, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं पास से गुजर रहे डाला सूप लेकर चल रहे श्रद्धालुओं को भी घुटन से सामना करना पड़ा। जहरीला धुंआ जितनी दूर तक पहुंचा लोग खांसी, उल्टी और घुटन से दो – चार हुए।

आग की चपेट में आने से पास में स्थित वर्षों पुराना एक कदम का एक पेड़ भी झुलस गया। वहीं, आग बिजली के तारों तक पहुंचने की आशंका से बड़ा हादसा होने का खतरा भी पैदा हो गया। घटना की सूचना मिलने पर राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के डॉ. विभूति सिंह मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी। इसके बाद रोहित कुमार और आलोक कुमार के प्रयास से आग पर काबू पाया गया।
डॉ. विभूति सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित विभाग से घटना की जांच कराने और दवा के कचरे में आग लगाने वाले दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।उन्होंने ऐसे संवेदनशील कचरे के खुले में फेंके जाने और उसमें आग लगाए जाने की घटनाओं पर रोक लगाने की भी आवश्यकता जताई।
















