5
(1)

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। एक परिवार ने जिस घर में नन्हे मेहमान के आने की खुशियां संजोई थीं, वहां जन्म के कुछ ही घंटों बाद मातम पसर गया। जिस बच्चे की किलकारी सुनने के लिए परिजन बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, उसकी सांसें दुनिया में आने के कुछ ही समय बाद थम गईं। मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान नवजात की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद गम और गुस्से से भरे परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

मिली जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर के सदर अस्पताल में शाम करीब 4:45 बजे नवजात का जन्म हुआ था। परिजनों के मुताबिक, जन्म के समय बच्चा नहीं रोया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। परिवार के लोग नन्ही जान को बचाने की उम्मीद लेकर आनन-फानन में मायागंज अस्पताल पहुंचे।

रात करीब 8 बजे नवजात को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। उसे शीशे के विशेष बॉक्स में रखकर इलाज शुरू किया गया। परिजनों को बताया गया कि बच्चे के दिमाग में ऑक्सीजन की कमी है और उसके फेफड़ों में भी परेशानी है। परिवार के लोग इस उम्मीद में अस्पताल में डटे रहे कि शायद इलाज से उनके बच्चे की जान बच जाए। लेकिन तमाम उम्मीदों के बीच आखिरकार वह मनहूस खबर आ गई, जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। इलाज के दौरान नवजात ने दम तोड़ दिया।

नवजात की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस अस्पताल में वे अपने बच्चे की जिंदगी बचाने की उम्मीद लेकर आए थे, वहीं से उन्हें उसकी मौत की खबर मिली। दुख और आक्रोश के बीच परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन एवं चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उनका आरोप है कि बच्चे की मौत के बाद अस्पताल कर्मियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और धक्का देकर बाहर निकाल दिया। इस घटना को लेकर अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

वहीं, अस्पताल की सीनियर रेजिडेंट डॉ. वरीसा ने बताया कि नवजात की स्थिति जन्म के समय से ही गंभीर थी। उसके दिमाग में ऑक्सीजन की कमी थी और फेफड़ों में भी परेशानी थी। चिकित्सकीय टीम की ओर से बच्चे की गंभीर स्थिति के बारे में परिजनों को पहले ही जानकारी दे दी गई थी।

इस घटना के बाद परिजन अस्पताल प्रबंधन से पूरे मामले में जवाब मांग रहे हैं। उनका कहना है कि आखिर बच्चे की जान बचाने के लिए क्या-क्या प्रयास किए गए और इलाज के दौरान किसी स्तर पर कोई लापरवाही हुई या नहीं, इसकी स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए। साथ ही, अस्पताल कर्मियों के कथित दुर्व्यवहार की भी जांच होनी चाहिए।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: