
@ घोघा में छठ घाटों तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को करनी पड़ी मशक्कत, सरकारी व्यवस्था नहीं होने पर लोगों में नाराजगी।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को जिले के घोघा क्षेत्र में अव्यवस्था के बीच छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों की स्थिति खराब रहने के कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई घाटों तक पहुंचने के लिए लोगों को कटरिया नदी के पानी से भरे रास्ते को पार करना पड़ा। जान जोखिम में डालकर नदी पार करते हुए व्रती और श्रद्धालु नदी के उत्तरी तट पर स्थित अर्घ्य घाट पहुंचे और भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना की।

घोघा क्षेत्र के लगभग सभी छठ घाटों पर कमोबेश यही स्थिति देखने को मिली। रविवार को आमापुर, घोघा बाजार, कलाली चौक, गोलसड़क, शाहपुर, पन्नूचक, पक्कीसराय, ओलपुरा और कोदवार सहित विभिन्न घाटों पर छठ व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। घाटों तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को पानी भरे रास्ते से गुजरना पड़ा। इस दौरान महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
छठ जैसे महत्वपूर्ण लोक आस्था के महापर्व पर भी घाटों तक पहुंचने के लिए समुचित व्यवस्था नहीं होने से श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी गई। व्रती अपने सिर पर पूजन सामग्री से भरा दउरा और हाथों में सूप लेकर कटरिया नदी के पानी से होकर घाट तक पहुंचे।
श्रद्धालु श्याम यादव, छांगो मंडल, अरविंद भारती, मनोज एलबीआई, भोला शर्मा, मुकेश जोशी और रीतेश कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि घोघा में छठ अर्घ्य घाटों को लेकर सरकारी स्तर पर किसी प्रकार की समुचित व्यवस्था नहीं की गई।
तमाम परेशानियों और अव्यवस्थाओं के बावजूद छठ व्रतियों की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ व्रतियों ने नदी के पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
















