
शिवनगर छठ घाट पर भगवान सूर्य की आराधना कर जिलावासियों के सुख-समृद्धि की कामना की, शहर के 65 चिह्नित घाटों सहित अन्य घाटों पर भी नगर निगम ने किए व्यापक इंतजाम
पूर्णिया। लोक आस्था एवं सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूर्णिया में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी एवं जितेंद्र यादव ने शिवनगर छठ घाट पर सपरिवार पहुंचकर अस्ताचलगामी एवं उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने भगवान भास्कर एवं छठी मैया से समस्त जिलावासियों के सुख, शांति, स्वास्थ्य, खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

इस दौरान महापौर विभा कुमारी एवं जितेंद्र यादव शहर के सिटी घाट, आनंद नगर छठ घाट, मिलनपाड़ा छठ घाट, कप्तानपुल रामबाग घाट, बेलौरी साह टोला घाट, बेलौरी माधोपाड़ा घाट, रामनगर पोल फैक्ट्री घाट, पॉलिटेक्निक कॉलेज छठ घाट, दमका नहर घाट, शिवमंदिर पुराना सिनेमा घाट और चंदन नगर घाट सहित विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचे। उन्होंने छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
65 चिह्नित घाटों सहित अन्य घाटों पर भी व्यापक व्यवस्था

चार दिवसीय महापर्व के दौरान पूर्णिया शहर के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। पर्व को लेकर पूर्णिया नगर निगम प्रशासन की ओर से शहर के चिह्नित 65 छठ घाटों के अतिरिक्त लगभग दो दर्जन अन्य घाटों पर भी व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं।
इस वर्ष छठ घाटों पर आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी, साफ-सफाई और भक्ति गीतों के प्रसारण से पूरा शहर छठमय नजर आया। व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, वॉच टावर, नियंत्रण कक्ष, पार्किंग, सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी सहित कई आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को भी आवागमन के अनुकूल बनाया गया था।
जिन घाटों एवं नहरों में पानी की कमी थी, वहां बोरिंग और पंपिंग सेट के माध्यम से पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी, ताकि व्रतियों को अर्घ्य अर्पित करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। महापौर विभा कुमारी के नेतृत्व में नगर निगम प्रशासन ने पर्व के दौरान व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की।
छठ पूर्णिया की आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक : महापौर
इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी ने कहा कि छठ महापर्व पूर्णिया की आस्था, संस्कृति और लोक परंपरा से जुड़ा अत्यंत पवित्र पर्व है। नगर निगम का निरंतर प्रयास रहा कि प्रत्येक छठ व्रती एवं श्रद्धालु को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलें और किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मियों ने पूरी तत्परता और समर्पण के साथ कार्य किया।
त्याग, तपस्या और सामाजिक समरसता का प्रतीक है छठ : जितेंद्र यादव
वहीं जितेंद्र यादव ने कहा कि छठ महापर्व त्याग, तपस्या, पवित्रता और सामाजिक समरसता का अनुपम प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति एवं भगवान सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सेवा की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, खुशहाली और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।
नगर निगम कर्मियों एवं जिला प्रशासन के प्रति जताया आभार
महापौर विभा कुमारी एवं जितेंद्र यादव ने छठ महापर्व को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने में सहयोग देने वाले नगर निगम के अधिकारियों, कर्मियों, सफाईकर्मियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही पूजा के दौरान विभिन्न छठ घाटों एवं शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन का विशेष धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि शहरवासियों के सहयोग, प्रशासनिक तत्परता और सामूहिक प्रयासों से लोक आस्था का यह महापर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं मंगलमय वातावरण में संपन्न हुआ।














