
रिचु कुमारी ने द्वितीय और आदर्श कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, विजेताओं को पदक एवं नकद पुरस्कार देकर किया गया सम्मानित
नवगछिया। छठ महापर्व के अवसर पर नगरह स्थित एकता चौक में पारंपरिक लठ-मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में गांव के बच्चों, युवाओं और अन्य आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक खेल के प्रति लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एकता चौक पर एकत्रित हुए। पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने कौशल, धैर्य और प्रयास का परिचय दिया। कड़े मुकाबले के बाद अमित कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं रिचु कुमारी द्वितीय और आदर्श कुमार तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को क्रमशः पदक एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में शामिल अन्य सभी प्रतिभागियों का भी उत्साहवर्धन किया गया तथा उन्हें उपहार स्वरूप चॉकलेट प्रदान की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहजानंद सिंह, वीरेंद्र प्रसाद सिंह एवं सुचित झा उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों और युवाओं में खेल भावना, आत्मविश्वास तथा आपसी सहयोग की भावना विकसित करते हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन सूरज कुमार झा, शरद सिंह एवं आदित्य कुमार झा के संयुक्त प्रयास से किया गया। आयोजकों ने बताया कि छठ महापर्व के अवसर पर इस पारंपरिक खेल के आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण संस्कृति और पुरानी खेल परंपराओं को जीवित रखना है। ऐसे आयोजन से नई पीढ़ी को अपनी लोकपरंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। साथ ही गांव में सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही। पारंपरिक खेल के प्रति बच्चों, युवाओं और ग्रामीणों का उत्साह आयोजन की विशेष उपलब्धि रहा।















