5
(1)

@ हबीबपुर के शाहजंगी नवटोलिया में पुलिस की बड़ी छापेमारी, घर से मिला नशे का जखीरा और नकदी; ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत कार्रवाई।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। भागलपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक की खरीद-बिक्री में संलिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है। हबीबपुर थाना क्षेत्र के शाहजंगी नवटोलिया में छापेमारी कर पुलिस ने उसके घर से 73.19 ग्राम स्मैक, 1 लाख 18 हजार 120 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहजंगी नवटोलिया निवासी अनिकेत कुमार उर्फ बिट्टू कुमार, पिता राजेश चौधरी के रूप में हुई है।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में युवाओं को नशे के दलदल से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ नाम से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 19 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि हबीबपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि शाहजंगी नवटोलिया निवासी अनिकेत कुमार अपने घर में स्मैक का अवैध भंडारण कर उसकी खरीद-बिक्री कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में नगर-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और हबीबपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में डीआईयू टीम को शामिल कर विशेष छापेमारी दल गठित किया गया।

इसके बाद पुलिस टीम ने चिन्हित ठिकाने पर विधिवत छापेमारी की। तलाशी के दौरान 73.19 ग्राम स्मैक, 1,18,120 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। मौके से अनिकेत कुमार उर्फ बिट्टू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

कार्रवाई में हबीबपुर थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक घनश्याम कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रंजय कुमार, पीटीसी राजीव कुमार तथा डीआईयू टीम के पुलिस अवर निरीक्षक सफदर अली और बिट्टू कुमार कमल सहित हबीबपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: