
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने दूरभाष पर परिजनों से की बात, कई जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने आवास पर पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
कटिहार। कटिहार प्रखंड की कटिहार पंचायत अंतर्गत बेलवा गांव निवासी भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं जनसंघ काल के नेता लक्ष्मण मंडल के पुत्र अरुण कुमार मंडल के आकस्मिक निधन पर पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत अरुण कुमार मंडल के परिजनों से दूरभाष पर बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में अपनी संवेदना प्रकट की।
पटना प्रवास पर रहने के कारण तारकिशोर प्रसाद दिवंगत के अंतिम दर्शन के लिए उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने दूरभाष पर शोकाकुल परिजनों से बात कर उन्हें धैर्य रखने की सांत्वना दी। साथ ही ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस दुखद घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री निखिल कुमार चौधरी, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष लक्खी प्रसाद महतो, जिला मंत्री धर्मनाथ तिवारी, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गौतम वर्मा, प्रखंड प्रमुख सोनी सिंह, शशिकांत सिंह, राधा रमन सिंह, मुखिया मनोज हंसदा, सरपंच लालू उरांव, बेचन सिंह, भवेश सिंह, राज किशोर यादव, अरुण कुमार आजाद और अजय मंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण दिवंगत के आवास पर पहुंचे।
सभी ने अरुण कुमार मंडल के पार्थिव स्मरण को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। उनके निधन से क्षेत्र में शोक का माहौल है।















