5
(1)

@ पांच घंटे की साधना से पत्ते पर उकेरी 9.76 किलोमीटर लंबे नीतीश सेतु की तस्वीर, ‘वेलकम टू बिहार’ लिखकर पीएम का किया अनूठा स्वागत।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। कैनवास बड़ा हो तो तस्वीर बड़ी बनती है, लेकिन हुनर बड़ा हो तो पांच सेंटीमीटर का एक पत्ता भी इतिहास के पन्नों जैसा खास बन जाता है। अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त सैंड आर्टिस्ट एवं लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपनी बेमिसाल सूक्ष्म कला से कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। उन्होंने एक छोटे से हरे पीपल के पत्ते पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीरें उकेर दीं। यही नहीं, इसी नन्हे पत्ते पर गंगा नदी पर बने भव्य नीतीश सेतु की आकृति और अंग्रेजी में ‘WELCOME TO BIHAR’ तथा ‘NITISH SETU’ भी लिख दिया।

पांच सेंटीमीटर के इस प्राकृतिक कैनवास पर इतनी बारीकी से तीन राजनीतिक हस्तियों के चेहरे और पुल की आकृति उकेरना किसी चुनौती से कम नहीं था। मधुरेंद्र ने इस कलाकृति को आकार देने में लगातार करीब पांच घंटे तक मेहनत की। उनकी इस अनूठी रचना ने एक बार फिर साबित किया कि कला की अभिव्यक्ति के लिए बड़े संसाधनों से ज्यादा जरूरी कल्पनाशीलता, धैर्य और हुनर है।

मधुरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार आगमन और नीतीश सेतु के उद्घाटन के ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए उन्होंने यह विशेष कलाकृति तैयार की है। मधुरेंद्र कुमार की पहचान केवल रेत पर विशाल आकृतियां बनाने तक सीमित नहीं है। वे प्रकृति के बेहद छोटे माध्यमों को भी अपनी कला का कैनवास बनाकर सुर्खियां बटोरते रहे हैं।

मधुरेंद्र की इस नई कलाकृति की खासियत सिर्फ इतनी नहीं कि इसमें तीन नेताओं के चेहरे बनाए गए हैं, बल्कि असली आकर्षण यह है कि एक छोटे से जीवंत पत्ते पर बिहार के एक बड़े विकास परियोजना को भी जगह दी गई है। पांच घंटे की मेहनत से तैयार यह कलाकृति आकार में भले ही छोटी हो, लेकिन इसके पीछे छिपी कल्पना और बारीकी इसे खास बनाती है। रेत, पत्तों और प्रकृति के दूसरे माध्यमों से कला रचने वाले मधुरेंद्र ने एक बार फिर दिखाया है कि कभी-कभी बड़ी कहानी कहने के लिए महज पांच सेंटीमीटर का कैनवास ही काफी होता है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: