5
(1)

कुख्यात खोखा सिंह के पुत्र की हत्या के लिए 50-50 हजार रुपये की दी गई थी सुपारी, पप्पू के घर से हत्या में प्रयुक्त कट्टा और तीन कारतूस बरामद

नवगछिया। कदवा थाना क्षेत्र में कुख्यात खोखा सिंह के पुत्र ज्योतिष कुमार सिंह की गोली मारकर हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड में संलिप्त तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक देशी कट्टा और तीन कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, पुरानी पारिवारिक रंजिश के कारण हत्या की साजिश रची गई थी। इसके लिए दो सहयोगियों को 50-50 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी।

सोमवार को नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 13 अक्टूबर 2026 की रात कदवा थाना क्षेत्र के गोलाटोला के समीप ज्योतिष कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक की मां के आवेदन पर कदवा थाना कांड संख्या 122/26 दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी।

पुरानी पारिवारिक रंजिश बनी हत्या की वजह

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित पप्पू कुमार ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने पुलिस को बताया कि उसके पिता सतन सिंह की हत्या वर्ष 2000 में और उसके भाई विकास की हत्या वर्ष 2014 में हुई थी। पप्पू ने इन दोनों हत्याओं में ज्योतिष कुमार सिंह और उसके परिवार की संलिप्तता का आरोप लगाया। इसी रंजिश और बदले की भावना से उसने ज्योतिष की हत्या की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक, पप्पू कुमार ने अपने बहनोई विपेन्द्र सिंह और दोस्त दिलीप दास के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। इसके लिए दोनों सहयोगियों को 50-50 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी। दोनों को 10-10 हजार रुपये अग्रिम भी दिए गए थे।

घर लौटते समय बाइक सवार ज्योतिष को मारी गोली

पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर की रात ज्योतिष कुमार सिंह मोटरसाइकिल से गोलाटोला के समीप से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें रोककर पीछे से गोली मार दी। गोली लगने से उनकी मौत हो गई। मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपितों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया।

पुलिस ने गिरफ्तार पप्पू कुमार की निशानदेही पर उसके घर से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा बरामद किया। इसके साथ ही तीन कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपितों के नाम

गिरफ्तार आरोपितों में विपेन्द्र सिंह, पिता महेश्वर सिंह, निवासी श्रीपुर बारा, थाना फुलौत, जिला मधेपुरा; दिलीप दास, पिता स्वर्गीय रामदेव दास, निवासी कुरसंडी, थाना पुरैनी, जिला मधेपुरा; और पप्पू कुमार, पिता स्वर्गीय सतन सिंह, निवासी पचगछिया टोला, थाना कदवा, जिला भागलपुर शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि विशेष टीम ने तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: