5
(1)

पूर्णिया। पाटलिपुत्र सहोदया कॉम्प्लेक्स की ओर से आयोजित प्रतिष्ठित शिक्षक सम्मान समारोह एवं शैक्षणिक समागम ‘अनुगूंज 2026’ में जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। पटना के अशोका कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में विद्यालय की निदेशक-प्राचार्या सुश्री पुलोमा नंदी को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय की प्री-प्राइमरी विभाग की शिक्षिका सुश्री इंद्राणी मुखर्जी तथा वरिष्ठ वर्ग के शिक्षक श्री प्रिंस प्रियदर्शी को भी शिक्षण-अधिगम के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता, नवाचार, प्रभावी शिक्षण पद्धति और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर व्यापक चर्चा हुई। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों एवं शैक्षणिक नेतृत्वकर्ताओं ने भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए।

250 विद्यालयों की रही सहभागिता

पाटलिपुत्र सहोदया कॉम्प्लेक्स केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध विद्यालयों के बीच शैक्षणिक सहयोग और अनुभवों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच है। ‘अनुगूंज 2026’ में लगभग 250 विद्यालयों की सहभागिता रही। समारोह में सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय पटना के वरिष्ठ अधिकारियों, उत्कृष्टता केंद्र के पदाधिकारियों, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों, संरक्षकों एवं नामित शिक्षकों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों और शैक्षणिक नेतृत्वकर्ताओं को एक साझा मंच प्रदान करना था, जहां वे नवीन शिक्षण पद्धतियों, शैक्षणिक अनुभवों, नवाचार तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी प्रभावी रणनीतियों पर विचार-विमर्श कर सकें।

पुलोमा नंदी को प्रभावी शैक्षणिक नेतृत्व के लिए सम्मान

जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया की निदेशक-प्राचार्या सुश्री पुलोमा नंदी को उनके प्रभावी शैक्षणिक नेतृत्व, प्रगतिशील शिक्षण दृष्टिकोण और विद्यार्थियों के समग्र विकास के प्रति निरंतर समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।

उन्हें सीबीएसई क्षेत्रीय कार्यालय, पटना के क्षेत्रीय अधिकारी श्री गोपाल लाल यादव, पाटलिपुत्र सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन सिन्हा तथा सीबीएसई उत्कृष्टता केंद्र, पटना के प्रमुख श्री राजीव कुमार शर्मा द्वारा सम्मान प्रदान किया गया।

यह सम्मान विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

इंद्राणी मुखर्जी और प्रिंस प्रियदर्शी भी सम्मानित

समारोह में जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल की प्री-प्राइमरी विभाग की शिक्षिका सुश्री इंद्राणी मुखर्जी और वरिष्ठ वर्ग के शिक्षक श्री प्रिंस प्रियदर्शी को भी सम्मानित किया गया। दोनों शिक्षकों को शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया में उनके समर्पण, नवाचार तथा विद्यार्थियों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

एक ही विद्यालय की निदेशक-प्राचार्या और दो शिक्षकों को एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक मंच पर सम्मान मिलना विद्यालय परिवार के लिए विशेष गौरव का विषय रहा। इस उपलब्धि से विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक भी उत्साहित हैं।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार को बढ़ावा देने का संकल्प

विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सक्षम शैक्षणिक नेतृत्व और समर्पित शिक्षकों की मजबूत परंपरा का प्रमाण है। विद्यालय लगातार ऐसे शैक्षणिक वातावरण के निर्माण के लिए प्रयासरत है, जहां शिक्षक भी निरंतर सीखें, नए प्रयोग करें और बदलती शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को विकसित करते रहें।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा देने के बजाय उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता, जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और उद्देश्यपूर्ण सोच विकसित करना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: