


2 स्वर्ण समेत जीते 9 पदक, विद्यालय व पूर्णिया का बढ़ाया गौरव
पूर्णिया । जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया के विद्यार्थियों ने पटना के राजेंद्र नगर स्थित चंद्रगुप्त तरणताल में आयोजित 5वीं बिहार राज्य अंडरवाटर स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 9 पदक अपने नाम किए। विद्यालय के तैराकों ने प्रतियोगिता में 2 स्वर्ण, 4 रजत और 3 कांस्य पदक जीतकर विद्यालय एवं पूर्णिया का नाम रोशन किया।

अंडरवाटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ बिहार के तत्वावधान में 13 सितंबर को आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभाशाली तैराकों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच जीडी गोयनका के खिलाड़ियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास, तकनीकी दक्षता और खेल भावना का परिचय देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
जूनियर-ई बालक वर्ग में मारुति ने दो रजत पदक जीते, जबकि इसी वर्ग में अंकित कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। जूनियर-डी बालिका वर्ग में अनन्या रंजन ने दो रजत पदक तथा अनुष्का चौधरी ने दो कांस्य पदक अपने नाम किए। वहीं जूनियर-ई बालिका वर्ग में मायरा गुरुमैता ने दो स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी श्रेष्ठता साबित की।

इस तरह विद्यालय के पांच तैराकों ने मिलकर कुल नौ पदक हासिल किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. पीयूष अग्रवाल ने बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और आत्मविश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यालय विद्यार्थियों को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा प्रदर्शन के लिए बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
वाइस चेयरमैन शैलेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में नौ पदक जीतना खिलाड़ियों की मेहनत, नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई।
प्रधानाचार्या पुलोमा नंदी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया है। शिक्षा के साथ खेलों में उत्कृष्टता विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मुख्य तैराकी प्रशिक्षक तनमय नस्कर ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि पदकों के पीछे विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत, नियमित अभ्यास और सीखने की इच्छाशक्ति है। अब लक्ष्य खिलाड़ियों को और बेहतर तकनीकी प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय स्तर पर अधिक पदक जीतने के लिए तैयार करना है।
विद्यालय परिवार ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रबंधन ने विश्वास जताया कि विद्यालय के खिलाड़ी आने वाले समय में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखेंगे।















