


@ भद्रेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर में नाबालिगों के पहुंचने का दावा, न्यास समिति ने शुरू की पहचान की कवायद।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। मंदिर का गेट बंद था, पुजारी घर लौट चुके थे और परिसर में अचानक कुछ लड़कों के साथ एक लड़की पहुंची। इसके बाद मंदिर परिसर में जो हुआ, उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। दावा किया जा रहा है कि करीब 8-10 लड़के एक लड़की के साथ मंदिर परिसर में पहुंचे और शादी की रस्में निभाईं। वीडियो में कुछ लड़के दोनों का गठजोड़ कराते और सात फेरे लेने के साथ लड़की की मांग में सिंदूर भरने की रस्म होती दिखाई दे रही है।
मामला श्री श्री 108 बाबा भद्रेश्वरनाथ महादेव मंदिर,
सदानंदपुर बैसा, कहलगांव से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना 5 सितंबर की बताई गई है। वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद मंदिर न्यास समिति को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद पूरे मामले को लेकर चिंता जताई गई है।
न्यास समिति की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, घटना के समय मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना के बाद घर लौट चुके थे। इसके बाद ये युवक मंदिर परिसर में पहुंचे। समिति के सामने सबसे बड़ी चिंता इस बात को लेकर है कि वीडियो में नजर आ रहे सभी युवक नाबालिग प्रतीत हो रहे हैं और उनके साथ मौजूद लड़की की उम्र व पहचान की भी जानकारी स्पष्ट नहीं है।

घटना के समय मौजूद लोगों की पहचान के लिए न्यास समिति ने प्रयास शुरू कर दिया है। समिति की ओर से स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि यदि वीडियो में दिखाई दे रहे युवक अथवा लड़की के बारे में किसी को जानकारी हो तो वह प्रशासन अथवा संबंधित समिति को सूचित करे।
हालांकि, नाबालिगों की पहचान से जुड़े नाम, पिता का नाम, पता या अन्य निजी जानकारी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने के बजाय सीधे पुलिस या प्रशासन को उपलब्ध कराने की अपील की गई है, ताकि बच्चों की निजता और सुरक्षा भी बनी रहे।
न्यास समिति ने घटना को मंदिर की मर्यादा और गंभीरता से जुड़ा मामला बताते हुए कहा है कि पूरे प्रकरण की जानकारी जुटाई जा रही है। संबंधित लोगों की पहचान होने के बाद न्यास समिति और स्थानीय प्रशासन की ओर से नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















