
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बाधित होने के कारण भागलपुर और आसपास के जिलों के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों की बढ़ती कठिनाइयों को देखते हुए भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने भागलपुर – कटिहार रेलखंड पर एक और अतिरिक्त दैनिक MEMU पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग की है। सांसद ने इस संबंध में मालदा रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक को पत्र भेजकर यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया है। उन्होंने पत्र में कहा है कि विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बाधित रहने से मौजूदा रेल सेवाओं में यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना है।


सांसद के अनुसार, उनके पूर्व आग्रह पर मालदा रेल मंडल ने 03409/03410 भागलपुर–कटिहार तथा 05781/05782 सबौर – कटिहार विशेष ट्रेनों का परिचालन शुरू किया है। उन्होंने इसके लिए मालदा रेल मंडल का आभार जताते हुए कहा कि इन ट्रेनों से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, छोटे व्यापारियों और आम नागरिकों को राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आगामी दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की संख्या में वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में मौजूदा ट्रेनों पर भी यात्रियों का दबाव बढ़ सकता है। इस स्थिति को देखते हुए भागलपुर–कटिहार रेलखंड पर एक और दैनिक रेल सेवा शुरू करना आवश्यक है।
सांसद ने भागलपुर – कटिहार – भागलपुर के बीच नवगछिया और खगड़िया के रास्ते एक अतिरिक्त दैनिक MEMU पैसेंजर ट्रेन चलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूर्व में उनकी मांग पर अतिरिक्त रेल सेवाएं शुरू करने की तरह इस मांग पर भी मालदा रेल मंडल सकारात्मक पहल करेगा।















