


नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव निवासी सीआरपीएफ जवान मुकेश कुमार का पार्थिव शरीर रविवार को पैतृक गांव पहुंचा। पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान लोगों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।
परिजनों के अनुसार, मुकेश कुमार छुट्टी बिताने के बाद अपनी ड्यूटी पर शिमला लौट रहे थे। यात्रा के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें विभागीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सीआरपीएफ की बटालियन के जवान पार्थिव शरीर को लेकर नवगछिया पहुंचे। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जवान को सम्मानपूर्वक सलामी दी गई और पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव पोखरिया लाया गया। गांव में पार्थिव शरीर पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने लगे।
पार्थिव शरीर को देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पत्नी विभा देवी पति के निधन से गहरे सदमे में हैं। परिजनों के अनुसार, मुकेश कुमार के दो बच्चे बेटा प्रत्युष और बेटी प्राकृतिक हैं। पति के निधन के बाद बच्चों के भविष्य को लेकर परिवार में चिंता का माहौल है।

ग्रामीणों ने बताया कि मुकेश कुमार लंबे समय से सीआरपीएफ में सेवा दे रहे थे और देश की सुरक्षा में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनके निधन से परिवार के साथ गांव और आसपास के क्षेत्र में भी शोक है। ग्रामीण पंकज कुमार सिंह ने कहा कि मुकेश कुमार का निधन परिवार के साथ पूरे गांव के लिए बड़ी क्षति है।
















