


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने तथा प्रभावित परिवारों तक समयबद्ध तरीके से आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर लगातार जारी हैं। जिला प्रशासन के अद्यतन प्रतिवेदन के अनुसार, जिले के 15 प्रखंडों की 114 पंचायतों के 456 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। इन क्षेत्रों में कुल 2,10,219 परिवारों की लगभग 9,15,781 आबादी प्रभावित हुई है।
प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक 73,090 परिवारों को सहायता प्रदान की जा चुकी है, जबकि 24,812 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 123 नावों को लगाया गया है।
राहत सामग्री के वितरण के तहत अब तक 24,899 पॉलीथीन शीट, 944.43 क्विंटल पशु चारा और 2 ड्राई फूड पैकेट सहित अन्य आवश्यक सामग्री प्रभावित लोगों तक पहुंचाई गई है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए 114 मेडिकल टीमों की तैनाती की गई है। इन टीमों के माध्यम से अब तक 41,826 लोगों का उपचार किया जा चुका है।
प्रभावित लोगों के लिए सामुदायिक रसोई का भी लगातार संचालन किया जा रहा है। वर्तमान में 337 सामुदायिक रसोई केंद्रों के माध्यम से लगभग 37,08,315 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा, 7 राहत शिविरों में 8,555 लोगों का पंजीकरण किया गया है।
जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने तथा प्रभावित परिवारों तक समयबद्ध तरीके से आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

















