5
(3)

@ बिहार जाने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत, एक से 30 नवंबर तक होगा विशेष ट्रेनों का परिचालन; हावड़ा, सियालदह और मालदा क्षेत्र से सबसे अधिक ट्रेनें।

प्रदीप विद्रोही

पटना / भागलपुर। छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने रेल परिचालन का बड़ा खाका तैयार किया है। त्योहार के दौरान बिहार समेत विभिन्न राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों को राहत देने के लिए कुल 984 विशेष ट्रेन ट्रिपों की व्यवस्था की गई है। रेलवे का दावा है कि अतिरिक्त ट्रेनों से यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के साथ उन्हें सुरक्षित और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

पूर्व रेलवे की ओर से एक से 30 नवंबर 2026 तक संचालित होने वाली इन विशेष सेवाओं में 662 आरक्षित और 322 अनारक्षित ट्रेन ट्रिप शामिल हैं। खास बात यह है कि कुल सेवाओं में 506 ट्रिप पूर्व रेलवे खुद संचालित करेगा, जबकि 478 ट्रिप दूसरे रेल जोनों की होंगी, जो पूर्व रेलवे के क्षेत्र से शुरू होंगी या होकर गुजरेंगी।

कोलकाता क्षेत्र से सबसे ज्यादा 409 ट्रिप

विशेष ट्रेनों की योजना में कोलकाता क्षेत्र को सबसे अधिक प्राथमिकता दी गई है। हावड़ा, सियालदह और कोलकाता से कुल 409 विशेष ट्रेन ट्रिप निर्धारित की गई हैं। वहीं मालदा टाउन और भागलपुर क्षेत्र से 323 तथा आसनसोल, जसीडीह और देवघर क्षेत्र से 252 ट्रिपों की व्यवस्था की गई है। इन सेवाओं से बिहार सहित अन्य प्रमुख गंतव्यों तक पहुंचने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।

स्टेशनों पर भीड़ संभालने के लिए बने होल्डिंग एरिया

रेलवे ने केवल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने तक ही अपनी तैयारी सीमित नहीं रखी है, बल्कि प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। हावड़ा, सियालदह, कोलकाता, आसनसोल, जसीडीह, देवघर, मालदा टाउन, भागलपुर, सुल्तानगंज, गोड्डा और जमालपुर जैसे स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए विशेष होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं।इन स्थानों पर यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर भेजने से पहले व्यवस्थित तरीके से ठहराने की व्यवस्था की गई है, ताकि एक साथ अधिक भीड़ प्लेटफॉर्म पर जमा न हो। इसके अलावा ट्रेनों के समय, प्लेटफॉर्म और अन्य जरूरी जानकारियों के लिए नियमित उद्घोषणा की जाएगी।

24 घंटे वार रूम से रखी जा रही नजर

त्योहार के दौरान रेल परिचालन और यात्रियों की भीड़ पर नजर रखने के लिए पूर्व रेलवे मुख्यालय तथा मंडल स्तर पर वार रूम बनाए गए हैं। ये चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगे। यहां से ट्रेनों की आवाजाही, विशेष सेवाओं की समयपालन स्थिति और स्टेशनों पर भीड़ की लगातार निगरानी की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए परिचालन, वाणिज्य और सुरक्षा विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है।

महाप्रबंधक खुद कर रहीं निगरानी

पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक सुश्री गीतिका पांडेय प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन और विशेष ट्रेनों के परिचालन की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रही हैं। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों और अन्य कर्मचारियों को स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों तथा सर्कुलेटिंग एरिया में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवराम माझी ने कहा कि छठ पूजा के दौरान यात्रियों की सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करना रेलवे की प्राथमिकता है। उन्होंने यात्रियों से रेलवे की उद्घोषणाओं का पालन करने, कतार में रहने और रेलकर्मियों का सहयोग करने की अपील की।रेलवे ने यात्रियों को प्लेटफॉर्म के किनारों पर भीड़ नहीं लगाने, रेलवे ट्रैक पार नहीं करने तथा निर्धारित प्रवेश और निकास मार्गों का ही इस्तेमाल करने की सलाह दी है।छठ पर घर पहुंचने की उम्मीद में निकलने वाले हजारों यात्रियों के लिए रेलवे की यह अतिरिक्त व्यवस्था कितनी राहत देगी, इसका अंदाजा त्योहार के दौरान स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ और ट्रेनों के परिचालन से लगेगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: