


@ भागलपुर पुरुष टीम की कमान ऋत्विक मयंक को सौंपी गई है, जबकि भागलपुर महिला टीम की कप्तान शानवी होंगी। वहीं बांका पुरुष टीम का नेतृत्व मोहित करेंगे।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। बिहार राज्य सब-जूनियर बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2026 में दमदार प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ भागलपुर और बांका की टीमों का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। 31 जुलाई से 2 अगस्त तक दरभंगा में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए भागलपुर की पुरुष एवं महिला टीम तथा बांका की पुरुष टीम का चयन किया गया।
चयन सूची की घोषणा जदयू भागलपुर जिला अध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने की। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल जीत का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का प्रतीक है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरकर अपने जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को टीम जर्सियां वितरित की गईं। इस अवसर पर खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की कामना की गई।
समारोह में जिला उपाध्यक्ष शेखर पांडे, जिला कार्यालय प्रभारी प्रदीप कुशवाहा, विश्वसूत्री अध्यक्ष (सबौर) ब्रजेश कुमार सिंह, बरारी पंचायत के मुखिया जयकरण पासवान, प्रखंड महासचिव (सबौर) राजदेव पासवान तथा वार्ड सदस्य मनोज कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
भागलपुर पुरुष टीम की कमान ऋत्विक मयंक को सौंपी गई है, जबकि भागलपुर महिला टीम की कप्तान शानवी होंगी। वहीं बांका पुरुष टीम का नेतृत्व मोहित करेंगे।
टीम के साथ सत्यम रॉय, अक्षय अमन, आरती कुमारी और शालिनी कुमारी क्रमशः कोच एवं मैनेजर की जिम्मेदारी निभाएंगे। अब सभी की निगाहें दरभंगा में होने वाली प्रतियोगिता पर हैं, जहां ये युवा खिलाड़ी अपने जिले की उम्मीदों को नई उड़ान देने के लिए उतरेंगे।
















