
पूर्व मध्य रेल के अधिकारियों की पहल पर स्टेशन भवन के साथ बाहरी परिसर में भी की गई आकर्षक प्रकाश व्यवस्था
नवगछिया। दीपावली और आस्था के महापर्व छठ पूजा पर नवगछिया रेलवे स्टेशन को आकर्षक रूप देने और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में एलईडी लाइटिंग की बेहतर व्यवस्था की गई है। इस पहल के तहत स्टेशन भवन को रोशनी से सजाया गया है, वहीं स्टेशन के बाहरी हिस्से में भी सजावटी लाइटें लगाई गई हैं। इससे स्टेशन परिसर का स्वरूप पहले की अपेक्षा अधिक आकर्षक दिखाई दे रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व मध्य रेल, सोनपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) सुधीर कुमार शर्मा के सौजन्य से स्टेशन के बाहर सजावटी रोशनी की व्यवस्था की गई है। इस कार्य को नवगछिया में कार्यरत वरिष्ठ खंड अभियंता विद्युत (सामान्य) प्रियव्रत कुमार के सहयोग एवं निर्देशन में पूरा कराया गया।
वहीं त्यौहार के मौके पर स्टेशन भवन पर की गई एलईडी लाइटिंग और बाहरी परिसर में लगाई गई सजावटी रोशनी से नवगछिया रेलवे स्टेशन की सुंदरता बढ़ गई है। रेलवे अधिकारियों और कर्मियों की इस पहल से स्टेशन परिसर को नया और आकर्षक स्वरूप मिला है।
















