5
(4)

@ घोघा नदी किनारे दो फीट से अधिक दलदली कीचड़ ने बढ़ाई श्रद्धालुओं की चिंता, कई परिवार नदी पार कर बना रहे वैकल्पिक घाट।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। छठ महापर्व की तैयारियां जोर पकड़ रही हैं, लेकिन घोघा में इस बार श्रद्धालुओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती पूजा की तैयारी नहीं, बल्कि अर्घ्य देने के लिए सुरक्षित घाट तलाशना है। गंगा की उपधारा घोघा नदी (कटरिया नदी) के तट पर इस बार गाद और दलदली कीचड़ का ऐसा कब्जा है कि लोगों के लिए अस्थायी छठ घाट बनाना भी मुश्किल हो गया है। कई जगहों पर दो फीट से अधिक मोटी गाद की परत जमी हुई है। पर्व का समय नजदीक आ रहा है और श्रद्धालुओं की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। इन घाटों पर NH80 से सटे पंचायत जानीडीह, पक्कीसराय, घोघा, कोदवार पंचायत के करीब 25 हजार आबादी छठ करने पहुंचते हैं। मौजूदा खतरे को देखते हुए ग्रामीण सहमे हुए हैं।

दरअसल, हर साल बाढ़ का पानी उतरने के बाद घोघा नदी के किनारे लोग अपने स्तर से अस्थायी कच्चे घाट तैयार करते थे और वहीं भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते थे। लेकिन इस बार नदी किनारे की स्थिति बदली हुई है। तट पर भारी मात्रा में गाद और दलदली कीचड़ जमा होने के कारण घाट निर्माण का रास्ता मुश्किल हो गया है।

CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), default quality?

दक्षिणी तट पर छठ व्रतियों के सामने विकल्प का संकट

घोघा नदी के दक्षिणी हिस्से में रहने वाले श्रद्धालुओं के लिए समस्या ज्यादा गंभीर है। यहां कई परिवारों के पास छठ पूजा के लिए दूसरा कोई सुविधाजनक विकल्प नहीं है। वहीं नदी का उत्तरी हिस्सा अपेक्षाकृत उपयोग के लायक बताया जा रहा है। ऐसे में कुछ श्रद्धालु परिवार नदी पार कर उत्तरी तट पर अपनी सुविधा के अनुसार अस्थायी घाट तैयार करने में जुटे हैं।

कई प्रमुख घाटों पर जमी है दलदली गाद

घोघा के पन्नूचक कलाली चौक, गोलसड़क, इदमादपुर, आठगांव और पक्कीसराय समेत कई छठ घाटों की स्थिति खराब है। इन स्थानों पर भारी मात्रा में दलदली कीचड़ और गाद पसरी हुई है। ऐसे में व्रतियों को पूजा के दौरान पानी तक पहुंचने और सुरक्षित तरीके से अर्घ्य देने में परेशानी हो सकती है।

छठ जैसे लोकआस्था के महापर्व में घाटों की साफ-सफाई और सुरक्षित व्यवस्था बेहद जरूरी है। समय तेजी से बीत रहा है, लेकिन घाटों पर पसरी गाद श्रद्धालुओं की राह रोक रही है। अब सवाल यह है कि पर्व से पहले इन घाटों को उपयोग के लायक बनाने की व्यवस्था हो पाएगी या घोघा के श्रद्धालुओं को इस बार भी नदी पार कर वैकल्पिक घाटों का सहारा लेना पड़ेगा?

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 4

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: