


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। किसी भी आकस्मिक विधि-व्यवस्था की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने और पुलिस बल की तत्परता परखने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस केंद्र, भागलपुर में दंगा नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण से संबंधित मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल की अध्यक्षता वरीय पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक, भागलपुर ने की।

मॉक ड्रिल के दौरान दंगा अथवा अन्य आकस्मिक विधि-व्यवस्था की स्थिति में पुलिस द्वारा की जाने वाली त्वरित कार्रवाई का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। इस दौरान भीड़ नियंत्रण, उपद्रव की स्थिति से निपटने, संवेदनशील परिस्थितियों में पुलिस बल के समुचित उपयोग तथा क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं का अभ्यास किया गया।
पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप अलग-अलग परिस्थितियों में समन्वित कार्रवाई का प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने मॉक ड्रिल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
वरीय पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में तत्परता, अनुशासन, आपसी समन्वय और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस के अनुसार, मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल की तैयारियों, दक्षता और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को और मजबूत करना है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर विधि-व्यवस्था की स्थिति को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके।

















