


पूर्णिया : गुलाबबाग में आयोजित महागणपति चतुर्थी महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर 18 सितंबर की शाम पूर्णिया पब्लिक स्कूल, बरसौनी के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम का उद्घाटन महागणपति चतुर्थी महोत्सव समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार उर्फ पप्पू पासवान, कोषाध्यक्ष भरत भगत, स्वागताध्यक्ष राजेश कुमार झा, कार्यक्रम प्रभारी कन्हैया चौधरी, गणेश केवट, अरविंद पासवान एवं दीपक पासवान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। समिति की ओर से विद्यालय के निदेशक राजेश कुमार सिंह एवं प्राचार्य को अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत से हुई। इसके बाद बच्चों ने पारंपरिक लोकनृत्य झिझिया, नवरात्रि विशेष डांडिया और भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति दी। बच्चों ने देशभक्ति गीतों और नृत्यों के माध्यम से पूरे पंडाल को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों से उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम के दौरान संगीत निर्देशक गणेश केवट और सरफराज ने भी विशेष गीत प्रस्तुत कर माहौल को संगीतमय बना दिया। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन वाई. रमेश ने किया।
देर शाम तक चले सांस्कृतिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय गणमान्य नागरिक, विद्यालय परिवार के शिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे। बच्चों की प्रस्तुतियों ने महागणपति चतुर्थी महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
















