


पूर्णिया। गुलाबबाग मेला ग्राउंड में सोमवार को 13 दिवसीय महागणपति चतुर्थी महोत्सव का शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना, प्राण-प्रतिष्ठा और आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह ने फीता काटकर 14 से 26 सितंबर तक चलने वाले महोत्सव का उद्घाटन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह में पूर्णिया की महापौर विभा कुमारी, सदर विधायक विजय खेमका, कसबा विधायक नितेश सिंह और जिला परिषद उपाध्यक्ष नीरज सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद आयोजन समिति की ओर से मंत्री और अतिथियों का स्वागत फूल-माला, अंगवस्त्र और बुके देकर किया गया। अतिथियों को भगवान गणेश की प्रतिमा भी भेंट की गई।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि गुलाबबाग मेला पूर्णिया के इतिहास और व्यापारिक पहचान से जुड़ा हुआ है। गुलाबबाग पूर्णिया का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है और बिहार की प्रमुख अनाज मंडियों में इसकी पहचान है। उन्होंने कहा कि गणपति महोत्सव प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जा रहा है और आने वाले समय में इसका आयोजन और व्यापक हो सकता है। उन्होंने आयोजन समिति और शहरवासियों को महोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

महापौर विभा कुमारी ने कहा कि पूर्णिया में गणेश महोत्सव का यह 28वां वर्ष है। अब यह आयोजन शहर की धार्मिक गतिविधियों का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने कहा कि महोत्सव की खासियत समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता है। महापौर ने भगवान गणेश से गुलाबबाग सहित पूरे शहर के लोगों के सुख-समृद्धि की कामना की।
उन्होंने कहा कि भगवान गणेश बुद्धि, ज्ञान और विवेक के प्रतीक माने जाते हैं। उनके स्वरूप से धैर्य, एकाग्रता और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश मिलता है। उन्होंने गणेश प्रतिमा के विसर्जन को जीवन की नश्वरता और प्रकृति में विलय का प्रतीक बताते हुए कहा कि व्यक्ति को ऐसा जीवन जीना चाहिए, जिससे उसके जाने के बाद भी उसके कार्यों को याद किया जाए।
महापौर ने तीज और चौठ चंद पर्व की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण वातावरण में महोत्सव और मेले का आनंद लेने की अपील की।
जितेंद्र यादव ने कहा कि गणेश महोत्सव पिछले 28 वर्षों से आयोजित हो रहा है और अब यह आयोजन उत्तर बिहार में अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में शहरवासियों के सहयोग के लिए आभार जताया और आयोजन समिति के सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने श्रद्धालुओं से 13 दिवसीय महोत्सव में शांतिपूर्ण तरीके से शामिल होने की अपील की।
महोत्सव के अध्यक्ष सह पूर्व वार्ड पार्षद राजीव कुमार उर्फ पप्पू पासवान ने बताया कि मेले में दूर-दराज के क्षेत्रों से दुकानदार पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए महिला एवं पुरुष पुलिस बल के अलावा आयोजन समिति के कार्यकर्ताओं को तैनात किया गया है। महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का मंच संचालन राजेश झा ने किया। उद्घाटन के दौरान मेला परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही। महोत्सव के तहत 26 सितंबर तक धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
















