
@ जगदीशपुर में पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप, तौल मशीन भी जब्त; बोरे में छिपाकर रखा गया था नशे का सामान।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले अवैध कारोबारियों के खिलाफ भागलपुर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कुण्डी जमगांव के समीप झाड़ियों में छिपाकर रखा गया 96.25 ग्राम ब्राउन शुगर, 3.750 लीटर विदेशी शराब और एक तौल मशीन बरामद की गई है। हालांकि, पुलिस की इस कार्रवाई में नशे के कारोबार से जुड़े किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई। अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस अब कारोबारियों की पहचान में जुटी है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में ‘स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर’ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका मकसद युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाना और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना है।

इसी अभियान के तहत 25 नवंबर 2026 को जगदीशपुर पुलिस को कुण्डी जमगांव के पास झाड़ियों में अवैध शराब छिपाकर रखे जाने की गुप्त सूचना मिली। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान एक बोरे से ब्राउन शुगर, विदेशी शराब और तौल मशीन बरामद हुई।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था) तथा जगदीशपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में की गई। टीम में थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह, पु.अ.नि. अमरजीत कुमार, पु.अ.नि. अजीत कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।















