
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। गंगा की धार के बीच बसे दियारा इलाके के किसानों के लिए अब खेती की राह आसान होने वाली है। बरसों से नदी और धार की बाधाओं के बीच खेतों तक पहुंचने की जद्दोजहद कर रहे किसानों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। बिहपुर और खरीक प्रखंड के गंगा दियारा क्षेत्र में दो नए पीपापुल बनाने की योजना तैयार की गई है। इन पुलों पर सरकार 27.48 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
राज्य के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि दोनों पुलों के निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है। प्रस्तावित पुल नरकटिया लतामबाड़ी और नन्हकार ढाला स्थित गंगा मरगंग धार पर बनाए जाएंगे।

20 हजार एकड़ से अधिक खेती को मिलेगा सहारा
दियारा क्षेत्र के किसानों के लिए ये पुल महज आवागमन का साधन नहीं, बल्कि उनकी खेती और रोजी-रोटी से जुड़े रास्ते को आसान बनाने की पहल हैं। करीब 20 हजार एकड़ से अधिक कृषि भूमि वाले इस इलाके में किसानों को खेतों तक पहुंचने, कृषि उपकरण ले जाने और तैयार फसल घर तक लाने में काफी परेशानी होती है। पीपापुल बनने से इन समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है।
दोनों पुलों पर खर्च होंगे अलग-अलग करोड़ों रुपये
योजना के तहत नरकटिया धार पर बनने वाले पीपापुल के निर्माण पर 14.04 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि नन्हकार धार पर बनने वाले पुल की लागत 13.44 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।इस परियोजना से लत्तीपुर, नरकटिया, गौरीपुर, अमरपुर, बभनगामा, सोनवर्षा, मड़वा और जयरामपुर समेत आसपास के दर्जनों गांवों को लाभ मिलने की संभावना है।
किसानों की मेहनत और बाजार के बीच की दूरी होगी कम
दियारा में खेती करने वाले किसानों के सामने सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ फसल उगाना नहीं, बल्कि उसे सुरक्षित तरीके से घर और बाजार तक पहुंचाना भी है। पुलों के निर्माण से कृषि उपज की ढुलाई आसान हो सकती है। साथ ही ग्रामीणों का आवागमन, स्थानीय व्यापार और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां भी गति पकड़ सकती हैं।















