
मधुबनी काली मंदिर में भव्य झिझिया नृत्य कार्यक्रम का किया शुभारंभ, लोक कलाकारों को किया सम्मानित; बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का बढ़ाया उत्साह
पूर्णिया। काली पूजा के पावन अवसर पर मंगलवार को महापौर विभा कुमारी एवं जितेंद्र यादव ने शहर के विभिन्न मंदिरों और पूजा पंडालों में आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने मां काली की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा समस्त नगरवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। महापौर ने विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उन्हें काली पूजा की शुभकामनाएं भी दीं।
मधुबनी काली मंदिर में झिझिया नृत्य ने मोहा मन

मधुबनी स्थित मां काली मंदिर परिसर में आयोजित भव्य झिझिया नृत्य कार्यक्रम में महापौर विभा कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर पारंपरिक विधि-विधान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। झिझिया नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों का महापौर ने उत्साहवर्धन किया और उन्हें प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर महापौर ने कहा कि बिहार की लोक संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं। झिझिया नृत्य मिथिलांचल की समृद्ध लोक कला का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से विशेष महत्व है। ऐसे आयोजन पुरानी परंपराओं को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति और कलाकारों की सराहना करते हुए सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
कई मंदिरों और पूजा पंडालों में पहुंचकर लिया मां काली का आशीर्वाद
महापौर विभा कुमारी एवं जितेंद्र यादव ने मधुबनी के अलावा मरंगा स्थित सत्संग विहार काली मंदिर, पुष्पांजलि पूजा समिति, दुर्गाबाड़ी एवं शिवपुरी काली मंदिर, भट्ठा बाजार, वार्ड संख्या 42 के घोषपाड़ा सार्वजनिक काली पूजा समिति एवं नव कल्याण समिति तथा गुलाबबाग मेला ग्राउंड स्थित श्री श्री 108 सार्वजनिक मां काली मंदिर में भद्रकाली पूजा समिति की ओर से आयोजित समारोह में भाग लिया।

विभिन्न पूजा स्थलों पर उन्होंने मां काली की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा बच्चों की प्रस्तुतियों से उत्साहित होकर उन्हें पुरस्कृत किया। इस दौरान पूजा समितियों के सदस्यों और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर सभी को काली पूजा की शुभकामनाएं दीं।
स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां रहीं आकर्षण का केंद्र
मधुबनी काली मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में डेयर टू डांस एकेडमी के अनमोल कुमार (एमजे), इनफिनिट वेव डांस एकेडमी के पंकज कुमार माही, एबी डांस क्लासेस के अभिमन्यु कुमार तथा बिहार लोक कला सांस्कृतिक मंच के नयन कुमार ने अपनी प्रस्तुतियों से विशेष आकर्षण पैदा किया। फोक आर्टिस्ट तृदीप शील ने भी अपनी कला से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
इस अवसर पर ब्रेन डिस्कवरी पब्लिक स्कूल के निदेशक अनिकेत कुमार सिंह एवं एवरसह पर्यटक की सुचित्रा कुमारी की भी सहभागिता रही।
मधुबनी में मां काली पूजा समिति के अध्यक्ष पंकज कुमार यादव, कोषाध्यक्ष कुंदन यादव, सचिव चंदन यादव, डॉ. प्रणव कुमार, मनोज पासवान, बबलू यादव, सुशांत मेहता, संतोष मेहता, करण, नीरज एवं शुभम सहित पूजा समिति के सदस्य मौजूद रहे।
वहीं, अन्य पूजा स्थलों पर राजीव कुमार उर्फ पप्पू पासवान, बबलू भगत, अजय मांझी, सुनील शर्मा, राजेश कुमार झा, भरत भगत, वार्ड पार्षद राकेश राय, अनिल शर्मा, राधेश्याम जायसवाल, संतोष सवारिया, मोनू मंडल, अमन गुप्ता, राजा शर्मा, बॉबी कुमार एवं बिट्टू सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग, पूजा समिति के सदस्य और श्रद्धालु उपस्थित थे।
शहर के विभिन्न पूजा स्थलों पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के बीच काली पूजा का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उत्सव को विशेष बना दिया।















