


पूर्णिया: कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष सह कटिहार प्रभारी बिजेंद्र यादव ने राज्य सरकार पर संवैधानिक व्यवस्था की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि राज्य में कानून और लोकतांत्रिक मूल्यों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

बिजेंद्र यादव ने कहा कि मंत्री दीपक प्रकाश न तो विधायक हैं और न ही विधान परिषद के सदस्य, फिर भी मंत्री पद पर बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि संवैधानिक प्रावधानों के तहत निर्धारित अवधि के भीतर किसी सदन का सदस्य नहीं बनने की स्थिति में मंत्री को पदमुक्त किया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिन मनोनीत पदाधिकारियों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है, उन्हें भी अब तक पद से नहीं हटाया गया है। उनके अनुसार, संवैधानिक एवं मनोनीत पदों पर अनिश्चितकाल तक लोगों को बनाए रखना लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के अनुरूप नहीं है।
कांग्रेस नेता ने सरकार से मांग की कि कार्यकाल पूरा कर चुके सभी मनोनीत पदाधिकारियों को तत्काल हटाकर नियमानुसार नई नियुक्तियां की जाएं। उन्होंने कहा कि इससे जनता का कानून और संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास मजबूत होगा। साथ ही कांग्रेस ने इस पूरे मामले की कड़ी निंदा करते हुए सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
















