


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री-सह-ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने और स्थिति को सामान्य करने के लिए बिहार सरकार लगातार राहत एवं बचाव कार्य चला रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर प्रभावित परिवारों से बातचीत की है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले 10-12 दिनों से प्रभावित लोगों के लिए भोजन, दवाइयों, वस्त्र सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा की जा रही है। केंद्र सरकार भी बिहार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने कहा कि बाढ़ से फसलों, पशुओं और अन्य क्षेत्रों में हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा और क्षति के आधार पर केंद्र सरकार की ओर से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। नुकसान के आकलन के लिए कृषि विभाग एवं ग्रामीण विकास विभाग की केंद्रीय टीमें बिहार पहुंच चुकी हैं। क्षति का आकलन कर प्रभावित लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
















