
भाजपा जिला कार्यालय में जुटे एनडीए के वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील
पूर्णिया। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, वनभाग में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, भाजपा बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह सहित एनडीए के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को लेकर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक व्यवस्थाओं का सम्मान आवश्यक है। एनडीए सरकार सुशासन, विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
संगठन की मजबूती में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन कार्यकर्ताओं के परिश्रम, समर्पण और सेवा भावना के आधार पर खड़ा है। लोकतंत्र की रक्षा और संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर अभियान को सफल बनाने की अपील की।
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जनता के बीच जागरूकता और राजनीतिक दलों के बीच स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं का निर्वहन जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की बात कही।
भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि एनडीए की ताकत उसकी एकजुटता और आपसी समन्वय में निहित है। सभी घटक दलों के कार्यकर्ताओं को मिलकर जनहित के मुद्दों पर काम करना चाहिए। उन्होंने अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल और सक्रियता बनाए रखने का आह्वान किया।

गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की अपील
पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जनता की जागरूकता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता आवश्यक है। उन्होंने एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
विधायक कृष्ण कुमार ऋषि ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता और समर्पण से ही संभव है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी तालमेल के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
विधायक नितेश सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने एनडीए कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
विधायक कलाधर मंडल ने कहा कि एनडीए के सभी घटक दलों की एकजुटता संगठन की महत्वपूर्ण ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने की बात कही।
पांचों घटक दलों के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष प्रकाश सिंह पटेल, लोजपा (रामविलास) जिलाध्यक्ष प्रशांत झा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राजेंद्र यादव, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के जिलाध्यक्ष, संगठन मंत्री अनंत नारायण मिश्रा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक प्रणय यादव सहित एनडीए के पांचों घटक दलों के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में एनडीए के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, संगठनात्मक एकजुटता तथा आपसी समन्वय को और मजबूत बनाने पर बल दिया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने अभियान को लेकर गठबंधन की सांगठनिक सक्रियता और भागीदारी को रेखांकित किया।















