
पूर्णिया : महालया के पावन अवसर पर शनिवार की सुबह खुश्कीबाग हाट स्थित श्री श्री 108 सार्वजनिक दुर्गा मंदिर की ओर से नगर भ्रमण निकाला गया। सुबह 5:30 बजे शुरू हुए इस नगर भ्रमण में मंदिर समिति के सदस्यों, श्रद्धालुओं और स्थानीय धर्मप्रेमी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नगर भ्रमण के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। भगवा ध्वजों और मां दुर्गा के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था प्रकट की। महिलाओं और पुरुषों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की भागीदारी से खुश्कीबाग क्षेत्र में शारदीय नवरात्र के आगमन को लेकर उत्साह देखने को मिला।
मंदिर समिति की ओर से बताया गया कि नगर भ्रमण का उद्देश्य शारदीय नवरात्र के आयोजन को सफल और भव्य बनाने के साथ ही लोगों में धार्मिक आस्था, आपसी सहयोग,

सामाजिक एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। इस दौरान स्थानीय नागरिकों से नवरात्र के आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील भी की गई। मंदिर समिति के सदस्यों ने नगर भ्रमण में शामिल सभी श्रद्धालुओं और सहयोग करने वाले स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही मां दुर्गा से क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
















