
पूर्णिया। रक्त के अभाव में किसी की जान न जाए, इसी संकल्प के साथ विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ वर्षों से रक्तदान और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की व्यवस्था करने में जुटा है। संगठन के अनुसार, अब तक हजारों जरूरतमंद मरीजों की सहायता में योगदान दिया जा चुका है। संगठन का उद्देश्य है कि संकट की घड़ी में कोई भी मरीज या उसका परिवार खुद को अकेला महसूस न करे।
पूर्णिया सहित पूरे सीमांचल में संगठन के सेवा कार्यों को देखते हुए लोग जरूरतमंदों की सहायता के लिए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी से संपर्क करते हैं। सूचना मिलने पर वे संगठन के सदस्यों के माध्यम से जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास करते हैं।

इसी क्रम में पूर्णिया के गुलाबबाग निवासी राहुल शर्मा, जो पूर्णिया मेडिकल कॉलेज में इलाजरत हैं, के लिए उनकी बहन मोनी शर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी से फोन पर संपर्क कर रक्त की सहायता मांगी। सूचना मिलते ही आशीष गोस्वामी ने संगठन के सदस्यों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके बाद सरसी मझुआ पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार के मित्र शुभम सिंह ने बी पॉजिटिव रक्तदान कर राहुल शर्मा के इलाज में सहयोग किया।
विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों के साथ मानव सेवा को भी अपनी प्रमुख जिम्मेदारी मानता है। संगठन के सदस्य जरूरतमंदों के साथ परिवार के सदस्यों की तरह खड़े रहते हैं और हर संभव सहायता करने का प्रयास करते हैं।

संगठन के पूर्णिया नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी के नेतृत्व में संगठन ने अनेक जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने और मरीजों के जीवन की रक्षा में योगदान देने का प्रयास किया है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व और मानव सेवा के प्रति समर्पण की सराहना की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि जब भी किसी जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता के लिए सूचना मिलती है, संगठन का प्रयास रहता है कि कोई भी जरूरतमंद निराश होकर न लौटे। धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों के साथ मानव सेवा संगठन का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि रक्त के अभाव में किसी की जान न जाए, इसके लिए संगठन सदैव तत्पर रहेगा। सेवा उनके लिए केवल एक कार्य नहीं, बल्कि मानवता के प्रति संकल्प है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी, राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, पूर्णिया नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत, पूर्णिया जिला मंत्री अशोक कुमार, विक्की गोस्वामी, मुकेश झा सहित संगठन के अन्य सदस्य एवं मरीज के परिजन उपस्थित रहे।















