


पूर्णिया: मिल्लिया फखरूद्दीन अली अहमद बी.एड. शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, रामबाग, पूर्णिया में बी.एड. सत्र 2026-28 के प्रशिक्षुओं के लिए आयोजित दो दिवसीय ओरिएंटेशन सह स्वागत समारोह का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हो गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया तथा विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के प्रथम दिन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शहबाज रिजवी, अतिथियों एवं सहायक प्राध्यापकों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बी.एड. सत्र 2025-27 के प्रशिक्षुओं ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, मिल्लिया तराना, नाटक, कविता, प्रहसन, भाषण एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
दूसरे दिन की शुरुआत महाविद्यालय की प्रार्थना से हुई। इसके बाद प्रशिक्षुओं ने अपना परिचय दिया तथा विभिन्न विषयों पर संवाद किया। विद्यार्थियों के बीच टेडी पास, म्यूजिकल चेयर और स्कैवेंजर हंट सहित कई मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. शहबाज रिजवी ने कहा कि विद्यार्थी इस संस्थान में संयोग से नहीं, बल्कि अपनी पसंद से आए हैं। उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का पालन करने पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार भी जीवन की सफलता के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पुस्तकों को अपना सबसे अच्छा मित्र बनाने की सलाह दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। आयोजन की सफलता में महाविद्यालय के सभी सहायक प्राध्यापकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर डॉ. मुरलीधर कुमार, पंकज कुमार जोशी, कमलेश कुमार, प्रवीण कुमार सिंह, राजीव कुमार, सौरभ कुमार, अंसारूल हक, शादाब कौशर, सफीर अहमद, सूरज कुमार, बुनो, सुधा, उमा, बबीता सहित बी.एड. सत्र 2025-27 के सभी प्रशिक्षुओं की सक्रिय भूमिका रही।
















