5
(4)

@ बांका से 51 किलोमीटर का सफर तय कर भागलपुर पहुंचे केशवचंद्र, अरसे से चली आ रही स्नेह और आशीर्वाद की परंपरा ने किया भावुक।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। उम्र भले ही शरीर को कमजोर कर दे, लेकिन रिश्तों की मोहब्बत कभी बूढ़ी नहीं होती। भाई-बहन के अटूट प्रेम की ऐसी ही एक भावुक तस्वीर भैया दूज के अवसर पर देखने को मिली। 94 वर्षीय भाई केशवचंद्र सिन्हा अपनी 96 वर्षीय बहन अनुबाला से मिलने बांका से करीब 51 किलोमीटर का सफर तय कर भागलपुर पहुंचे। उम्र के इस पड़ाव पर भी बहन का आशीर्वाद लेने के लिए भाई के कदम नहीं रुके। इस मौके पर उनकी 81 वर्षीय बहन कृष्णा घोष भी मौजूद थीं।

CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), default quality?

भैया दूज के इस खास अवसर पर भाई को सामने देखकर 96 वर्षीय अनुबाला की आंखों में खुशी झलक उठी। बहन ने भाई के माथे पर तिलक लगाया। भाई ने बहन को मिठाई और उपहार भेंट किए तथा उनका आशीर्वाद लिया। दोनों के बीच बीते वर्षों की यादें भी ताजा हुईं। यह मिलन केवल त्योहार की एक रस्म नहीं, बल्कि दशकों पुराने रिश्ते की जीवंत मिसाल बन गया।

बताया जाता है कि केशवचंद्र हर वर्ष भैया दूज पर अपनी बहन से मिलने पहुंचते हैं। उम्र की सीमाओं और शारीरिक परेशानियों के बावजूद उन्होंने इस परंपरा को कायम रखा है। इस बार इंटरसिटी ट्रेन में यात्रियों की भीड़ देखकर एक पल के लिए केशवचंद्र ने हिम्मत हार दी थी, लेकिन बहन से मिलने की ललक और उनसे मिलने की जिद ने उन्हें फिर हौसला दिया। आखिरकार वे तमाम मुश्किलों को पार कर अपनी बहन के पास पहुंच ही गए।

भाई-बहन के बीच स्नेह का यह रिश्ता लगभग नौ दशकों की यादों को अपने भीतर समेटे हुए है। परिवार के लिए भी यह पल बेहद खास रहा। एक ओर 96 वर्षीय बहन को अपने भाई का इंतजार था, तो दूसरी ओर 94 वर्षीय भाई के मन में बहन से मिलने और उनका आशीर्वाद लेने की ललक थी।

रिश्तों की भागदौड़ और बदलती जीवनशैली के दौर में यह मुलाकात एक बड़ा संदेश देती है कि त्योहारों की असली खुशी महंगे उपहारों में नहीं, बल्कि अपनों के साथ बिताए गए कुछ अनमोल पलों में छिपी होती है। सचमुच, भाई-बहन का प्यार उम्र का मोहताज नहीं होता। बचपन में बहन की गोद में खेलने वाला भाई बुढ़ापे में भी उसी बहन के स्नेह और आशीर्वाद की तलाश में पहुंच जाता है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 4

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: