
डीएम अलंकृता पांडे ने विकास कार्यों की प्रगति का लिया जायजा, सात योजनाएं पूरी और सात पर काम शुरू
नवगछिया। जिलाधिकारी अलंकृता पांडे की अध्यक्षता में कायाकल्प योजना के अंतर्गत नवगछिया प्रखंड में संचालित विकास योजनाओं की कार्य एवं भौतिक प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान पंचायती राज विभाग के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में चल रही योजनाओं की वर्तमान स्थिति, तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति तथा कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।

समीक्षा में बताया गया कि नवगछिया प्रखंड में कायाकल्प योजना के तहत कुल 48 योजनाएं निर्धारित हैं। इनमें सभी 48 योजनाओं को तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि सात योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हुई है। चार योजनाएं विलोपित की गई हैं। कार्य प्रगति के अनुसार सात योजनाओं पर काम शुरू किया गया है और सात योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। वहीं, शेष 37 योजनाएं लंबित हैं।
पंचायतवार योजनाओं की समीक्षा
समीक्षा के दौरान खैरपुर कदवा ग्राम पंचायत में दो, कदवा दियारा में पांच, जगतपुर में छह, पकड़ा में छह, पुनामा प्रतापनगर में चार, खगड़ा में पांच, जमुनियां में पांच, ढोलबज्जा में चार, तेतरी में छह तथा नगरह में पांच योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।
इन विकास कार्यों की हुई समीक्षा
कायाकल्प योजना के तहत विभिन्न पंचायतों में पीसीसी सड़क एवं ढक्कनयुक्त नाला निर्माण, पेवर ब्लॉक निर्माण, चबूतरा निर्माण, सामुदायिक भवन का निर्माण एवं मरम्मत, विद्यालयों में शौचालय और अतिरिक्त कक्षा का निर्माण, चहारदीवारी निर्माण, स्ट्रीट लाइट एवं सोलर लाइट लगाने जैसे कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा यात्री शेड की मरम्मत, पुस्तकालय के लिए फर्नीचर की खरीद तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के रंग-रोगन और मरम्मत से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने योजनाओं की प्रगति और निर्धारित कार्यों के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। कायाकल्प योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुविधाओं, सार्वजनिक परिसंपत्तियों और विकास कार्यों की गुणवत्ता में सुधार लाना है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।















