


नवगछिया : खरीक थाना क्षेत्र के तेलघी गांव में जमीन बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। 8 सितंबर को हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल अतिनंदन चौधरी की इलाज के दौरान मायागंज अस्पताल में मौत हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

मामले की जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सायम रजा ने प्रेस वार्ता में बताया कि मृतक की पत्नी के आवेदन पर खरीक थाना कांड संख्या 273/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भगवान चंद्र चौधरी, पिता रामनारायण चौधरी, निवासी तेलघी, थाना खरीक को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, जमीन बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसके दौरान मारपीट में अतिनंदन चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस विवाद की पूरी कड़ी और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
एसडीपीओ ने बताया कि मामले में कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटनाक्रम के बाद गांव में भी पुलिस की नजर बनी हुई है।
















