


नवगछिया पुलिस ने वायरल वीडियो और फोटो की जांच शुरू की, जांच रिपोर्ट के बाद होगी नियमानुसार कार्रवाई
नवगछिया : सोशल मीडिया पर वीडियो और फोटो वायरल होने के बाद बाढ़ पीड़ितों की सहायता के नाम पर स्कैनर के माध्यम से पैसे मांगने के आरोप में नवगछिया पुलिस जिला के सिपाही संख्या-126 धनंजय कुमार पासवान को पुलिस केंद्र हाजिर किया गया है। मामले को लेकर नवगछिया पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो एवं फोटो प्राप्त हुआ, जिसमें सिपाही धनंजय कुमार पासवान द्वारा फेसबुक पर वीडियो अपलोड कर बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए स्कैनर के जरिए आर्थिक सहयोग की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया है।
वायरल वीडियो और फोटो को प्रथम दृष्टया देखने पर सिपाही के आचरण को संदिग्ध बताया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, नवगछिया ने वायरल वीडियो एवं फोटो की सत्यता की जांच की जिम्मेदारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नवगछिया को सौंपी है।

पुलिस के मुताबिक, जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल सामग्री की सत्यता तथा आर्थिक सहयोग मांगने से जुड़े तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
















