


तीन घंटे तक मलबे में दबी रही महिला, सात बच्चों के सिर से उठा मां का साया
भागलपुर जिले के गोराडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत भोजपुर गांव में देर रात आई तेज आंधी और बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसे में महिला की मौत हो गई। तेज तूफान के बीच बिजली का खंभा झोपड़ीनुमा घर के बरामदे पर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से महिला मलबे में दब गई। बताया जा रहा है कि महिला करीब तीन घंटे तक मलबे के नीचे दबी रही और दर्द से तड़पती रही, लेकिन खराब मौसम और अंधेरे के कारण समय पर राहत कार्य नहीं हो सका।
मृतका की पहचान गुजाली मंडल की 40 वर्षीय पत्नी रंजू देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रंजू देवी और उनके पति गोशाला के पास बने बरामदे में सो रहे थे। रात करीब दो बजे अचानक तेज आंधी और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान बिजली का खंभा और उससे जुड़ा ढांचा टूटकर सीधे बरामदे पर आ गिरा। हादसे में रंजू देवी गंभीर रूप से दब गईं।
घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन लगातार बारिश, अंधेरा और बिजली प्रवाहित होने की आशंका के कारण तत्काल राहत कार्य संभव नहीं हो पाया।
हादसे से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें रंजू देवी मलबे के नीचे दबी हुई दर्द से कराहती नजर आ रही हैं। ग्रामीण रातभर उन्हें निकालने की कोशिश करते रहे, लेकिन हालात इतने खराब थे कि कोई सफलता नहीं मिल सकी।
सुबह करीब पांच बजे पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कर क्षेत्र को सुरक्षित किया गया। फिर ग्रामीणों की मदद से गिरे हुए खंभे और मलबे को हटाकर महिला को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतका के पति गुजाली मंडल ने बताया कि दोनों रात में सो रहे थे। अचानक तेज आंधी-बारिश के बीच जोरदार आवाज हुई और बिजली का खंभा बरामदे पर गिर पड़ा। उन्होंने पत्नी को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह मलबे के नीचे दब चुकी थीं।
रंजू देवी अपने पीछे सात बच्चों को छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलने पर गोराडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता देने की मांग की है।















