
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भागलपुर पुलिस ने आम लोगों की खोई हुई खुशियां लौटाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की है। पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 65 लोगों के गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने सभी बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए।

मोबाइल फोन आज के समय में केवल बातचीत का साधन नहीं, बल्कि लोगों की निजी जिंदगी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। इसमें कई जरूरी दस्तावेज, फोटो, संपर्क नंबर, बैंकिंग से जुड़ी जानकारियां और अन्य महत्वपूर्ण डेटा मौजूद रहते हैं। ऐसे में मोबाइल फोन गुम हो जाने पर लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा ऑपरेशन मुस्कान चलाया जा रहा है।
अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस पाकर लोगों की खुशी देखते ही बन रही थी।पुलिस की इस पहल से आम लोगों के बीच सुरक्षा और भरोसे का संदेश भी पहुंचा है। भागलपुर पुलिस की इस पहल ने 65 परिवारों और मोबाइल धारकों के चेहरों पर मुस्कान लौटाने का काम किया है।















