
तीन घंटे की मेहनत से तैयार की सूक्ष्म कलाकृति, पत्ते पर चाकू की नोक से बनाया मुख्यमंत्री का चित्र; उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की
रिपोर्ट : श्यामानंद सिंह
भागलपुर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के जन्मदिन के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सैंड एवं लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपनी अनूठी कला के माध्यम से उन्हें खास अंदाज में शुभकामनाएं दीं। सोमवार को उन्होंने पीपल के एक हरे पत्ते पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की बेहद सूक्ष्म तस्वीर उकेरकर जन्मदिन का अनोखा तोहफा तैयार किया। इस कलाकृति को बनाने में उन्हें करीब तीन घंटे का समय लगा।

मधुरेंद्र कुमार ने चाकू की नुकीली धार का इस्तेमाल करते हुए पीपल के नाजुक पत्ते पर मुख्यमंत्री का बारीक चित्र तैयार किया। इसके साथ ही पत्ते पर अंग्रेजी में ‘हैप्पी बर्थडे सम्राट चौधरी, सीएम बिहार’ भी उकेरा। आकार में बेहद छोटे और नाजुक प्राकृतिक पत्ते पर इतनी बारीकी से तस्वीर बनाना उनकी एकाग्रता, धैर्य और कलात्मक कौशल को दर्शाता है।
इस विशेष कलाकृति के माध्यम से मधुरेंद्र कुमार ने छठी मैया से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सपनों को आगे बढ़ाने की दिशा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी प्रयासरत हैं। उन्होंने कामना की कि बिहार विकास के नए आयाम स्थापित करे।
प्राकृतिक संसाधनों से कला प्रस्तुत करना है पसंद
मधुरेंद्र कुमार ने बताया कि प्राकृतिक संसाधनों को अपनी कला का माध्यम बनाना उन्हें हमेशा से पसंद रहा है। पीपल के हरे पत्ते जैसे छोटे और नाजुक माध्यम पर किसी व्यक्ति का चित्र उकेरना काफी चुनौतीपूर्ण होता है। इसमें हाथों पर नियंत्रण, धैर्य और एकाग्रता की विशेष आवश्यकता होती है। थोड़ी सी असावधानी से पूरा पत्ता खराब हो सकता है। इसके बावजूद उन्होंने लगातार तीन घंटे की मेहनत से इस कलाकृति को पूरा किया।
छोटे पत्ते पर छठव्रतियों की तस्वीर बनाकर भी बटोरी थी चर्चा
गौरतलब है कि हाल ही में लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर मधुरेंद्र कुमार ने पीपल के महज दो सेंटीमीटर के हरे पत्ते पर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते छठव्रतियों की सूक्ष्म तस्वीर बनाई थी। इस कलाकृति के माध्यम से उन्होंने छठी मैया से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की थी। उनकी इस कलाकृति की काफी सराहना हुई थी।
इसके अलावा अयोध्या दीपोत्सव 2026 के अवसर पर उन्होंने सरयू नदी तट स्थित रामकथा पार्क में 58 फीट लंबी विशाल राम दरबार एवं राम मंदिर की रेत कलाकृति तैयार की थी। वहीं, ब्रिक्स 2026 के अवसर पर नई दिल्ली के भारत मंडपम में अपनी बहुआयामी कला के माध्यम से विश्व शांति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का संदेश प्रस्तुत किया था।
नवरात्रि के दौरान भी उन्होंने पीपल के हरे पत्ते पर मां दुर्गा की सूक्ष्म कलाकृति बनाकर महिला सम्मान और सुरक्षा का संदेश दिया था।
रेत, मिट्टी और प्राकृतिक पत्तों को अपनी कला का माध्यम बनाकर मधुरेंद्र कुमार लगातार सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व के विषयों को कलाकृतियों के जरिए प्रस्तुत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर तैयार की गई यह विशेष पत्ता कलाकृति भी उनकी इसी अनूठी कलात्मक शैली का उदाहरण है।















