
नगर निगम बोर्ड की बैठक में विधायक प्रतिनिधि अनुपमा झा ने रखे जनहित से जुड़े प्रस्ताव, जल निकासी और छठ घाटों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर दिया जोर
पूर्णिया, 4 नवंबर। नगर निगम पूर्णिया की बोर्ड बैठक में पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका की ओर से उनकी अधिकृत प्रतिनिधि अनुपमा झा ने शहर के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने बोर्ड की बैठक में विधायक का संदेश पढ़ते हुए कहा कि पूर्णिया का सर्वांगीण विकास हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए नगर निगम, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को मिलकर प्राथमिकता के आधार पर काम करना होगा।

बैठक में विधायक प्रतिनिधि ने बताया कि जिला प्रशासन और विधायक के माध्यम से नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में विकास कार्यों का सर्वे कराया गया है। सर्वे में 200 से अधिक छोटी-बड़ी सड़कों के निर्माण की आवश्यकता सामने आई है। इन सड़कों की सूची लगभग छह माह पूर्व विधायक कार्यालय की ओर से नगर आयुक्त को उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने इन सड़कों के निर्माण को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द कार्य शुरू कराने का सुझाव दिया।
जलजमाव से मुक्ति के लिए नालियों को मुख्य नालों से जोड़ने का सुझाव
शहर में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए अनुपमा झा ने छोटी-छोटी नालियों को आपस में जोड़कर मुख्य नालों तक जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि बेहतर जल निकासी व्यवस्था से शहरवासियों को जलजमाव की समस्या से राहत मिल सकती है।
उन्होंने नगर निगम के 46 वार्डों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इसे 10 अलग-अलग जोन अथवा एजेंसियों के माध्यम से संचालित करने का सुझाव दिया। उनके अनुसार, सफाई व्यवस्था का विकेंद्रीकरण होने से प्रत्येक क्षेत्र में नियमित निगरानी और बेहतर प्रबंधन संभव हो सकेगा।
दीपावली, काली पूजा और छठ पर विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग
आगामी दीपावली, मां काली पूजा और लोक आस्था के महापर्व छठ को देखते हुए विधायक प्रतिनिधि ने पूरे शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने प्रमुख सड़कों की सफाई, पानी का छिड़काव, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, फॉगिंग और सभी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने का सुझाव दिया।
छठ घाटों की तैयारियों को लेकर उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख घाटों की समय पर सफाई कराई जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, टेंट और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि छठ घाटों की तैयारी के लिए राज्य सरकार की ओर से नगर निगम को प्रतिवर्ष अतिरिक्त राशि भी उपलब्ध कराई जाती है। ऐसे में इस राशि का उपयोग श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए किया जाना चाहिए।

बैठक से सात दिन पहले कार्यवाही विवरण उपलब्ध कराने की मांग
विधायक प्रतिनिधि अनुपमा झा ने बोर्ड बैठक की प्रक्रिया को और व्यवस्थित बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण सुझाव भी रखा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बोर्ड बैठक से कम से कम सात दिन पहले पिछली बैठक का कार्यवाही विवरण सभी सदस्यों को उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि पार्षद पूर्व में लिए गए निर्णयों और उन पर हुई कार्रवाई की जानकारी लेकर बैठक में शामिल हो सकें।
बैठक के दौरान उन्होंने विधायक विजय खेमका के संदेश की प्रति नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे को भी सौंपी। विधायक प्रतिनिधि ने कहा कि शहर की मूलभूत समस्याओं का समाधान और विकास योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन जनहित में आवश्यक है।















