
49 विद्यालयों के अलावा 11 अन्य स्थानों पर भी बनेगी लाइब्रेरी, होर्डिंग-बैनर की व्यवस्था निगम के अधीन करने और छठ घाटों पर सुविधाएं बढ़ाने पर बनी सहमति
पूर्णिया। महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में बुधवार को नगर निगम सभागार में नगर निगम बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास, नगर निगम की आय बढ़ाने, नागरिक सुविधाओं में सुधार, सड़क सुरक्षा और आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे, उप नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह सहित सभी वार्डों के पार्षद बैठक में मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत पिछली बोर्ड बैठकों में लिए गए निर्णयों और उन पर हुई कार्रवाई की समीक्षा के साथ हुई। इस दौरान कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सदन की सहमति बनी।
शहर में 60 स्थानों पर खुलेंगे मॉड्यूलर पुस्तकालय

बैठक में शिक्षा और युवाओं के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। नगर निगम क्षेत्र के मध्य एवं उच्च विद्यालयों में मॉड्यूलर पुस्तकालय स्थापित करने के लिए शिक्षा विभाग से विद्यालय भवनों में एक-एक कमरा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था। शिक्षा विभाग ने 49 विद्यालयों में पुस्तकालय खोलने के लिए अनापत्ति प्रदान कर दी है।
सदन ने इस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए 49 विद्यालयों के अतिरिक्त नगर निगम क्षेत्र के 11 अन्य स्थानों पर भी पुस्तकालय खोलने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया। इस प्रकार शहर में कुल 60 मॉड्यूलर पुस्तकालय स्थापित किए जाएंगे। इन पुस्तकालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित पुस्तकों के साथ साहित्यिक, धार्मिक और विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। विद्यार्थियों एवं पाठकों के बैठने सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी।
होर्डिंग-बैनर से निगम को होने वाले राजस्व नुकसान का उठा मुद्दा
बैठक में वार्ड पार्षद स्वपन घोष ने शहर में अव्यवस्थित तरीके से लगाए जा रहे होर्डिंग और बैनर का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि शहर में बिना निर्धारित नियमों और समुचित व्यवस्था के जगह-जगह बड़े-बड़े होर्डिंग और पोस्टर लगाए जा रहे हैं। इससे शहर की सुंदरता प्रभावित होने के साथ कई स्थानों पर सुरक्षा संबंधी खतरे भी उत्पन्न हो रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कई होर्डिंग और बैनर का निर्धारित शुल्क नगर निगम को नहीं मिल रहा है, जिससे निगम को राजस्व का नुकसान हो रहा है। इस पर पार्षदों ने नाराजगी जताते हुए राजस्व क्षति के लिए जिम्मेदार लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई करने की मांग की। सदन में होर्डिंग-बैनर लगाने, उनके रखरखाव और विज्ञापन से संबंधित पूरी व्यवस्था नगर निगम के अधीन करने का प्रस्ताव रखा गया। इससे विज्ञापन से प्राप्त राजस्व सीधे निगम के खाते में आएगा और उस राशि का उपयोग शहर के विकास कार्यों में किया जा सकेगा। पार्षदों ने इस प्रस्ताव का एकमत से समर्थन किया।

दीपावली और छठ पर रोशनी, घाटों पर बढ़ेंगी सुविधाएं
दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को देखते हुए प्रकाश व्यवस्था का मुद्दा भी बैठक में उठा। वार्ड पार्षद अमित कुमार सोनी ने कहा कि पर्व के दौरान मुख्य मार्गों, चौराहों और छठ घाटों पर विशेष रोशनी की व्यवस्था की जाती है। ऐसे में लाइट खराब होने या तकनीकी समस्या आने पर तत्काल समाधान के लिए वैकल्पिक व्यवस्था जरूरी है। इस पर आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक लाइटों की तत्काल खरीद सुनिश्चित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
वार्ड पार्षद निर्जला देवी ने छठ घाटों पर चेंजिंग रूम की संख्या बढ़ाने की मांग की, जिस पर सदन ने सर्वसम्मति से सहमति जताई। वहीं, स्वपन घोष ने छठ घाटों पर जलकुंभी की सफाई के साथ बैरिकेडिंग कराने का सुझाव दिया, ताकि दोबारा जलकुंभी बहकर घाटों तक नहीं पहुंचे।
स्वीकृत योजनाओं की निविदा प्रक्रिया तेज करने की मांग
वार्ड पार्षद अंजनी साह ने नगर निगम की स्वीकृत योजनाओं की निविदा प्रक्रिया लंबित रहने का मुद्दा उठाया। उन्होंने नगर विकास एवं आवास विभाग के अभियंता प्रमुख के पत्रांक 1049, दिनांक 1 अप्रैल 2026 का हवाला देते हुए कहा कि विभागीय निर्देश के अनुसार प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के सात दिनों के भीतर निविदा जारी की जानी चाहिए। उन्होंने स्वीकृत योजनाओं की निविदा प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की।
सड़क दुर्घटनाओं पर रोक के लिए प्लास्टिक स्पीड ब्रेकर लगाने का प्रस्ताव
शहर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से वार्ड पार्षद राकेश राय ने प्रमुख सड़कों, चौराहों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में मानक गुणवत्ता वाले प्लास्टिक स्पीड ब्रेकर लगाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, अस्पतालों और प्रमुख चौराहों के आसपास वाहनों की तेज रफ्तार दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। पारंपरिक कंक्रीट और डामर के स्पीड ब्रेकर कई बार मानकों के अनुरूप नहीं होते और बारिश के दिनों में दिखाई भी नहीं देते। ऐसे में निर्धारित मानकों के अनुसार प्लास्टिक स्पीड ब्रेकर लगाए जाने से दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सकती है।
जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति पर भी चर्चा
बैठक के दौरान वार्ड पार्षद स्वपन घोष ने सदन में जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि नियमानुसार विधानसभा का सत्र चलने की स्थिति में विधायक अथवा अन्य जनप्रतिनिधि अपने प्रतिनिधि को बैठक में शामिल होने के लिए भेज सकते हैं, लेकिन सत्र नहीं चलने की स्थिति में संबंधित जनप्रतिनिधि को स्वयं उपस्थित होना चाहिए। उन्होंने इस संबंध में नियमों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की। इस पर नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे ने कहा कि आगे से नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सड़कों की गुणवत्ता को लेकर पार्षद ने उठाए सवाल
वार्ड पार्षद भोला कुशवाहा ने नगर निधि और विधायक निधि से निर्मित सड़कों की गुणवत्ता का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि नगर निधि से बनाई गई सड़कों की स्थिति काफी अच्छी है, जबकि विधायक निधि से बनी कई सड़कें गुणवत्ताविहीन हैं और निर्माण के तीन महीने के भीतर ही जर्जर होने लगती हैं। उन्होंने महापौर के नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र में हो रहे गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण कार्यों की सराहना भी की।
विकास कार्यों को धरातल पर उतारना प्राथमिकता : महापौर
महापौर विभा कुमारी ने कहा कि नगर निगम बोर्ड की बैठक शहर के विकास और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण मंच है। बैठक में सभी वार्डों की समस्याओं और पार्षदों की ओर से दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाता है। बोर्ड में लिए गए निर्णयों को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की आय बढ़ाने, विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने तथा शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। सभी पार्षदों के सहयोग से पूर्णिया के समग्र विकास के लिए काम किया जा रहा है।
नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे ने कहा कि बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णयों और प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित किया जाएगा। नगर निगम की आय बढ़ाने के साथ शहर की सुंदरता, स्वच्छता, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।
बैठक में वार्ड पार्षद कल्याणी राय, निर्जला देवी, अर्जुन सिंह, ऋतुराज यादव, स्वपन घोष, किरण देवी, रविशंकर उर्फ भोला कुशवाहा, आशा महतो, समसून खातून, फातिमा, अमित कुमार सोनी, कुमारी खुशबू, अभिजीत कुमार, प्रीति पांडे, आतिश सनातनी, राखी कुशवाहा, ऋषभ कुमार, तौकिर रियाज, मुसर्रत जहां, पूजा कुमारी, मो. सिताब, मुर्शीदा खातून, मेरीसतीला टोप्पो, लखेंद्र साह, कमली देवी, राकेश कुमार, पूनम देवी, चांदनी देवी, अनिल उरांव सहित अन्य पार्षद एवं नगर निगम के प्रधान सहायक उमेश यादव मौजूद थे।















