5
(2)

रजनी चौक पर आयोजित जनजागृति रैली एवं पदयात्रा में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर किया सम्मान

पूर्णिया, 4 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से पूर्णिया के रजनी चौक पर आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ जनजागृति रैली एवं पदयात्रा में पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान विधायक ने एनडीए के नेताओं, भाजपा कार्यकर्ताओं और पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र की जनता का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक विजय खेमका ने कहा कि मां पूर्ण देवी, संत महर्षि मेंही, कथा शिल्पी फणीश्वरनाथ रेणु, पूर्व मुख्यमंत्री भोला पासवान शास्त्री, सुधांशु जी और वीर शहीदों की ऐतिहासिक धरती पर असम के मुख्यमंत्री का आगमन सभी के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि रजनी चौक से निकली यह पदयात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने और जनता को जागरूक करने का संकल्प है। पदयात्रा में एनडीए और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों की बड़ी भागीदारी को उन्होंने जनजागरण का प्रतीक बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी की राजनीति अराजकता, तुष्टिकरण और परिवारवाद पर आधारित है।

विधायक ने कहा कि संविधान किसी एक परिवार की जागीर नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों का सम्मान और अधिकार है। देश को भ्रम और अराजकता की नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति की आवश्यकता है।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा : खेमका

विजय खेमका ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, सुरक्षा, गरीब कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के नेताओं पर दोहरे राजनीतिक रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता उनके राजनीतिक चरित्र को समझ चुकी है। उन्होंने राहुल गांधी की रामलीला मैदान में आयोजित सभा को लेकर भी कटाक्ष किया।

विधायक ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में एसआईआर और ईवीएम को लेकर कोई सवाल नहीं उठाया जाता था, लेकिन अब वही व्यवस्था सवालों के घेरे में रखी जा रही है। उन्होंने राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री पद की महत्वाकांक्षा को लेकर निशाना साधते हुए विपक्षी नेताओं की बयानबाजी की आलोचना की।

अंत में विधायक विजय खेमका ने जनसभा और पदयात्रा में शामिल एनडीए एवं भाजपा के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा पूर्णियावासियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने जनजागरण के इस कार्यक्रम को सफल बनाया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: