
भाजपा जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र और फूल-माला पहनाकर किया अभिनंदन
नवगछिया। भारतीय जनता पार्टी नवगछिया जिला इकाई की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अश्विनी कुमार चौबे का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अश्विनी कुमार चौबे को अंगवस्त्र एवं फूल-माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं ने उनसे आशीर्वाद भी प्राप्त किया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान संगठन को मजबूत बनाने और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की गई।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कार्यकर्ताओं के स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण और अनुशासन के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आपसी समन्वय से ही संभव है।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष बिनोद कुमार मंडल, पूर्व जिला महामंत्री मनोज कुमार पांडेय, जिला महामंत्री मुरारी लाल चिरानिया, जिला मंत्री बासुकी मंडल एवं रवि कुमार रंजन प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

इसके अलावा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला महामंत्री नीतेश कुमार दास, आईटी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक मितेश रंजन, मंडल अध्यक्ष बबलू चौधरी, रंजीत झा, गौरव सिंह, बिक्रम सिंह और अशोक यादव सहित दर्जनों वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक एकजुटता और आगामी गतिविधियों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।















