


पुरानी नंदगोला, विजय लालगंज, मोहनपुर समेत कई प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचाया सूखा राशन और जरूरी सामग्री
पूर्णिया । बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की ओर से रुपौली प्रखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार को लगातार चौथे दिन सांसद की ओर से पुरानी नंदगोला, विजय लालगंज, मोहनपुर समेत कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सूखा राशन और आवश्यक राहत सामग्री भेजी गई। राहत सामग्री लेकर वाहनों के पहुंचने से प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता मिलने की उम्मीद जगी है।

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के समय प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जा सकता। बाढ़ पीड़ितों की सेवा और उन्हें भोजन, सूखा राशन सहित जरूरी सामग्री उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों में जरूरत के अनुसार लगातार राहत सामग्री पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
राहत अभियान के दौरान नगर प्रतिनिधि वैश खान, सांसद प्रतिनिधि आफताब आलम, पूर्व प्रमुख बिहारी यादव, अरुण यादव, प्रेम किशोर सिंह, नगर पंचायत प्रतिनिधि दिलीप मंडल, पैक्स अध्यक्ष आलोक अकेला, अश्वनी शर्मा, छोटू कुमार, सोनू यादव, शिव कुमार यादव, मो. लड्डू समेत कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की जरूरतों की जानकारी ली तथा राहत सामग्री पहुंचाने में सहयोग किया।
सांसद प्रवक्ता राजेश यादव ने कहा कि बाढ़ से बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हैं। ऐसे समय में पीड़ितों की मदद करना सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। सांसद के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत सामग्री भेजी जा रही है। बाढ़ का पानी कम होने तक प्रभावित लोगों की जरूरतों पर नजर रखी जाएगी। जिन क्षेत्रों में भोजन, सूखा राशन या अन्य आवश्यक सामग्री की जरूरत होगी, वहां प्राथमिकता के आधार पर सहायता पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।

















