0
(0)

@ अंतर महाविद्यालय क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता संपन्न; सबौर कॉलेज के अभिषेक और एसएसवी कहलगांव की पांचो कुमारी ने जीता व्यक्तिगत खिताब।

प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। सुबह की हल्की ठंडक, सड़कों पर दौड़ते कदम और जीत के लिए प्रतिभागियों में दिखता जबरदस्त उत्साह। इसी खेल भावना के बीच तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय बालक एवं बालिका क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता का सबौर महाविद्यालय, सबौर में भव्य समापन हुआ। मेजबान सबौर महाविद्यालय ने बालक वर्ग में ओवरऑल चैंपियन बनकर मैदान मारा, जबकि बालिका वर्ग की ओवरऑल चैंपियनशिप पर एस.एस.वी. महाविद्यालय, कहलगांव ने कब्जा जमाया।


प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। बालक वर्ग में 12.5 किलोमीटर और बालिका वर्ग में पांच किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। बालक वर्ग की दौड़ विश्वविद्यालय स्टेडियम से सुबह सात बजे शुरू हुई, जबकि बालिका वर्ग के प्रतिभागियों ने जीरो माइल पेट्रोल पंप के समीप से दौड़ लगाई।
बालक वर्ग में सबौर महाविद्यालय के अभिषेक कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। इसी महाविद्यालय के ज्योतिष कुमार दूसरे स्थान पर रहे, जबकि टी.एन.बी. महाविद्यालय, भागलपुर के ऋतुराज ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। टीम प्रदर्शन में भी सबौर महाविद्यालय सबसे आगे रहा। मुरारका महाविद्यालय दूसरे और पी.बी.एस. कॉलेज, बांका तीसरे स्थान पर रहा।
बालिका वर्ग में एस.एस.वी. महाविद्यालय, कहलगांव की पांचो कुमारी ने सबसे तेज दौड़ लगाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी ही महाविद्यालय की खुशबू कुमारी दूसरे स्थान पर रहीं। बी.एन. कॉलेज, भागलपुर की रूसी कुमारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। ओवरऑल टीम प्रदर्शन में एस.एस.वी. महाविद्यालय, कहलगांव चैंपियन रहा, जबकि टी.एन.बी. महाविद्यालय दूसरे और बी.एन. कॉलेज तीसरे स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण रही। प्रतियोगिता के बाद सबौर महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। दीप प्रज्वलन के बाद राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और कुलगीत का सामूहिक गायन हुआ। विजेता खिलाड़ियों और टीमों को अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान किए।
समारोह के मुख्य अतिथि नगर पुलिस अधीक्षक अतुलेश झा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए युवाओं से साइबर फ्रॉड और नशाखोरी जैसी सामाजिक बुराइयों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करता है।
विशिष्ट अतिथि अभिषद सदस्य डॉ. मृत्युंजय सिंह गंगा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सबौर महाविद्यालय परिवार और प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) संजय कुमार झा की सराहना की। उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन सफलता की सबसे महत्वपूर्ण सीढ़ियों में से एक है।
कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सचिव डॉ. संजय कुमार जायसवाल सह-मंच संचालक के रूप में विश्वविद्यालय एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राहुल कुमार और सबौर महाविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मयंक वत्स ने भूमिका निभाई। प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) संजय कुमार झा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, एथलीट संघ, विभिन्न महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों, टीम मैनेजरों, मीडिया प्रतिनिधियों, शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया।उन्होंने आयोजन सचिव डॉ. सत्येंद्र कुमार, संयोजक डॉ. राकेश रंजन और जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मयंक वत्स के योगदान की विशेष सराहना की।
बिहार गीत के सामूहिक गायन के साथ समारोह का समापन हुआ। डॉ. मयंक वत्स ने प्रतियोगिता के सफल समापन की औपचारिक घोषणा की।

बालक वर्ग के व्यक्तिगत विजेता

अभिषेक कुमार – सबौर महाविद्यालय
ज्योतिष कुमार – सबौर महाविद्यालय
ऋतुराज – टी.एन.बी. महाविद्यालय, भागलपुर
बालिका वर्ग की व्यक्तिगत विजेता
पांचो कुमारी – एस.एस.वी. महाविद्यालय, कहलगांव
खुशबू कुमारी – एस.एस.वी. महाविद्यालय, कहलगांव
रूसी कुमारी – बी.एन. कॉलेज, भागलपुर
ओवरऑल चैंपियन
बालक: सबौर महाविद्यालय, सबौर
बालिका: एस.एस.वी. महाविद्यालय, कहलगांव

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: