


@ डीएम-एसपी की संयुक्त ब्रीफिंग, भीड़ प्रबंधन से लेकर महिला सुरक्षा और सीसीटीवी निगरानी तक हर व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में है। रविवार को सुल्तानगंज नगर परिषद सभागार में जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त ब्रीफिंग कर साफ कर दिया कि इस बार मेले में “सुरक्षा, सुविधा और समन्वय” तीनों पर समान रूप से जोर रहेगा।
बैठक में पर्यटन विभाग के सचिव प्रदीप सिंह समेत प्रशासन और पुलिस के वरीय अधिकारियों ने तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें।
प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। वहीं, पुलिस विभाग ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी, महिला सुरक्षा और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की रणनीति तैयार की है।
पर्यटन विभाग के सचिव प्रदीप सिंह ने कहा कि श्रावणी मेला बिहार की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव देने के लिए सभी विभागों से संवेदनशील और समन्वित तरीके से कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में सभी विभागों को लंबित तैयारियां तय समय के भीतर पूरी करने और मेला अवधि के दौरान नियमित क्षेत्र भ्रमण कर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन का दावा है कि समन्वित प्रयासों से श्रावणी मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए यादगार बनाया जाएगा।
















