
‘
@ ललन सर्राफ बोले – नीतीश कुमार ने राजनीति को मेवा कमाने का नहीं, जनसेवा का माध्यम बनाया। 24 नवंबर 2005 की ऐतिहासिक तारीख को जदयू ने सुशासन दिवस के रूप में मनाया।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। बिहार की राजनीति में 24 नवंबर 2005 की तारीख को याद करते हुए मंगलवार को भागलपुर के टाउन हॉल में जदयू की ओर से सुशासन दिवस एवं नीतीश संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दो दशक पहले बनी नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली पूर्ण बहुमत की सरकार के राजनीतिक सफर, शासन और विकास कार्यों की चर्चा हुई। मंच से एक नारा खास तौर पर गूंजा – ‘नीतीश ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया, मेवा का नहीं।’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधान परिषद सदस्य ललन सर्राफ ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सत्ता को व्यक्तिगत लाभ का जरिया बनाने के बजाय जनसेवा का माध्यम बनाया। उन्होंने अपने राजनीतिक संघर्ष, विचारधारा और विकास की सोच के जरिए बिहार की राजनीति को नई दिशा देने का काम किया है। कार्यक्रम का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य ललन सर्राफ, भागलपुर के सांसद अजय मंडल, कहलगांव विधायक शुभानंद मुकेश, सुल्तानगंज विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल, जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता और जदयू नेता सुड्डू साईं ने संयुक्त रूप से किया।
ललन सर्राफ ने नीतीश कुमार के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 1994 से शुरू हुआ उनका राजनीतिक संघर्ष करीब 11 वर्षों तक चला। इस दौरान उन्होंने अपनी सोच और विचारधारा से लोगों को जोड़ने का काम किया। आखिरकार 24 नवंबर 2005 को बिहार में उनके नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी। यह तारीख राज्य की राजनीति में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुई।उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने शासन को जनहित और विकास से जोड़ने का प्रयास किया। सड़क, पुल-पुलियों और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए कार्यों ने बिहार के विकास को नई गति दी।
ललन सर्राफ ने अपने संबोधन में कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में जंगलराज का अंत हुआ और कानून का राज स्थापित करने की दिशा में काम किया गया। राज्य में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के साथ आम लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की गईं।उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार ने आम जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई हैं।
ललन सर्राफ ने घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने के फैसले को भी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से आम परिवारों को आर्थिक राहत मिल रही है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंच रहा है।
कार्यक्रम के दौरान जदयू नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार की नीतियों, विकास योजनाओं और उपलब्धियों को गांव-गांव तथा जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। नेताओं ने कहा कि सुशासन और विकास के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में मौजूद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को जनता के बीच ले जाने तथा सुशासन के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। बड़ी संख्या में जदयू नेता और कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए। 24 नवंबर की तारीख को याद कर जदयू ने जहां अपने राजनीतिक सफर के एक महत्वपूर्ण अध्याय को दोहराया, वहीं सुशासन और विकास के मुद्दों के जरिए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का प्रयास भी किया।















