
स्वामी आगमानंद जी महाराज के आशीर्वाद से आयोजित हुआ सेवा कार्यक्रम, जरूरतमंद छठव्रती महिला को पूजा सामग्री, साड़ी और प्रसाद देकर की गई सहायता
नवगछिया। परम पूज्य गुरुदेव स्वामी आगमानंद जी महाराज के आशीर्वाद से संचालित सेवाश्री नवगछिया की ओर से प्रत्येक शनिवार की तरह इस बार भी बजरंगबली महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शनिवार, 14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर कार्यक्रम को विशेष रूप दिया गया। इस दौरान सैकड़ों बच्चों के बीच पुस्तकें और कलम वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, हजारों श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बजरंगबली को खीर और हलवे का भोग अर्पित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंद लोगों के बीच महाप्रसाद के रूप में इसका वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा।
बाल दिवस के अवसर पर बच्चों को पुस्तकें और कलम प्रदान कर उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई करने तथा शिक्षा के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर शिक्षक कन्हैया बम ने बच्चों एवं उपस्थित लोगों को बाल दिवस के महत्व और शिक्षा की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। प्रत्येक बच्चे को मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए और अपने जीवन में आगे बढ़ने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान सेवाश्री की ओर से मानव सेवा का एक सराहनीय उदाहरण भी प्रस्तुत किया गया। इस्माइलपुर निवासी एक जरूरतमंद श्रद्धालु को छठ महापर्व मनाने के लिए पूजन सामग्री, प्रसाद, साड़ी, नारियल सहित आवश्यक सामग्री प्रदान की गई, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद वह श्रद्धापूर्वक छठ महापर्व मना सकें।

कार्यक्रम का शुभारंभ अजीत बाबा द्वारा मंगलाचरण एवं स्वास्थ्य वचन के गायन से किया गया। इसके बाद गुरु महाराज और बजरंगबली के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्ति एवं सेवा भाव के साथ आयोजन में सहभागिता की।
सेवाश्री के सदस्यों ने बताया कि प्रत्येक शनिवार को जरूरतमंदों एवं श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरण का कार्यक्रम नियमित रूप से किया जाता है। इसका उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस सेवा कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।















