
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, शिकायतों के त्वरित निवारण और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का उठाया मुद्दा
पूर्णिया। जिले के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, विद्यालयों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले कोचिंग संस्थानों के आसपास छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर छात्र जदयू, पूर्णिया ने पुलिस प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। इस संबंध में छात्र जदयू के जिलाध्यक्ष अंकित झा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पूर्णिया सदर के पुलिस उपाधीक्षक को आवेदन सौंपकर नियमित पुलिस गश्त सहित कई आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

आवेदन में शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नियमित पुलिस गश्त कराने, संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर विशेष निगरानी रखने तथा संबंधित थाना स्तर पर छात्र शिकायत निवारण के लिए एक पुलिस पदाधिकारी नामित करने की मांग की गई है। प्रतिनिधिमंडल ने शिकायतों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया।
छात्र जदयू ने छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट, धमकी, पीछा करने, छेड़छाड़ और उत्पीड़न जैसी घटनाओं को गंभीरता से लेने की मांग की। साथ ही पुलिस पदाधिकारियों, शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों और छात्र संगठनों के बीच नियमित समन्वय बैठक आयोजित करने पर जोर दिया, ताकि विद्यार्थियों की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।
छात्र जदयू के जिलाध्यक्ष अंकित झा ने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस प्रशासन तथा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को सुरक्षा संबंधी चिंताओं से मुक्त होकर पढ़ाई करने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित पुलिस गश्त, शिकायतों की प्रभावी सुनवाई और समयबद्ध कार्रवाई से विद्यार्थियों का पुलिस प्रशासन पर विश्वास मजबूत होगा। छात्र जदयू इस दिशा में प्रशासन को सकारात्मक सहयोग देने के लिए तैयार है।
नगर अध्यक्ष अमन श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस प्रशासन और छात्र समुदाय के बीच बेहतर संवाद आवश्यक है। छात्र-छात्राओं को शिकायत दर्ज कराने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। नियमित छात्र-पुलिस संवाद और शिकायतों की समीक्षा से शैक्षणिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
जिला उपाध्यक्ष अजीत साह ने कहा कि सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण वर्तमान समय की आवश्यकता है। विशेष रूप से कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में आने-जाने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों की पहचान कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की, ताकि विद्यार्थी बिना किसी भय के अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

छात्र जदयू नेता आयुष यादव ने कहा कि छात्र-छात्राओं की शिकायतों पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई होने से उनमें सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। उन्होंने शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों से जुड़ी शिकायतों की नियमित समीक्षा करने तथा शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी संबंधित विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित करने की मांग की।
छात्र जदयू, पूर्णिया ने पुलिस प्रशासन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस और विद्यार्थियों के बीच समन्वय मजबूत होने तथा शिकायतों के त्वरित निवारण की व्यवस्था विकसित करने से जिले के शैक्षणिक संस्थानों में अधिक सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण बनाने में मदद मिलेगी।
इस मौके पर विपिन कुमार, किशन कुमार, सूरज कुमार सहित छात्र जदयू के अन्य सदस्य उपस्थित थे।















