5
(2)

@ गांधी के विचारों पर चलने का लिया संकल्प, पी. वी. राजगोपाल और अशोक कुमार सिन्हा की मौजूदगी में हुआ प्रतिमा स्थापना समारोह।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। गांधी उत्सव के दूसरे दिन बांका जिले के शोभनपुर स्थित गांधी आश्रम में महात्मा गांधी की नई प्रतिमा पुनः स्थापित की गई। पद्मश्री सम्मानित कलाकार ब्रह्मदेव पंडित द्वारा निर्मित प्रतिमा को प्रसिद्ध गांधीवादी पी. वी. राजगोपाल और बिहार संग्रहालय के अपर निदेशक एवं कला-मर्मज्ञ अशोक कुमार सिन्हा की मौजूदगी में स्थापित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार, कलाकार और ग्रामीण शामिल हुए।

CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), default quality?

बताया गया कि शोभनपुर गांधी आश्रम में महात्मा गांधी की प्रतिमा पहले से स्थापित थी, लेकिन हाल में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। इसके बाद गांधी के प्रति श्रद्धा और उनके विचारों के प्रति प्रतिबद्धता को कायम रखते हुए आश्रम ने नई प्रतिमा पुनः स्थापित करने का निर्णय लिया।

प्रतिमा स्थापना समारोह के बाद आश्रम के संस्थापक डॉ. मनोज मीता ने कहा कि गांधी के विचार हिंसा का जवाब हिंसा से नहीं, बल्कि प्रेम, क्षमा और अहिंसा से देने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वालों को भी आश्रम की ओर से क्षमा किया गया है। साथ ही सत्य, अहिंसा और सामाजिक समता के मार्ग पर चलते रहने का संकल्प लिया गया।उन्होंने कहा कि गरीबी, असमानता और हिंसा से मुक्त समाज के निर्माण का रास्ता गांधी के विचारों से होकर जाता है।

गांधी की प्रतिमा बेहतर समाज की प्रेरणा : राजगोपाल

प्रसिद्ध गांधीवादी पी. वी. राजगोपाल ने कहा कि गांधी की प्रतिमा केवल स्मृति का प्रतीक नहीं, बल्कि बेहतर समाज के निर्माण के लिए जीवंत प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक गरीबी और असमानता को कम करने सहित सतत विकास के लक्ष्यों को हासिल करने के सामने मौजूदा परिस्थितियां बड़ी चुनौतियां पेश कर रही हैं। ऐसे में गांधी के विचारों पर चलने वाले लोगों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने गरीबी, असमानता और हिंसा के खिलाफ सामूहिक प्रयास तेज करने पर जोर दिया।

आश्रम के विकास में सहयोग का आश्वासन:

बिहार संग्रहालय के अपर निदेशक एवं कला-मर्मज्ञ अशोक कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रतिमा का निर्माण प्रसिद्ध कलाकार ब्रह्मदेव पंडित ने किया है और यह प्रतिमा उन्हें उपहार के रूप में मिली थी। उन्होंने इसे शोभनपुर गांधी आश्रम को समर्पित करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।उन्होंने आश्रम के विकास में सहयोग का आश्वासन देते हुए डॉ. मनोज मीता से आश्रम से संबंधित आवश्यक कागजात लेकर पटना आने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ आश्रम के विकास को लेकर बैठक कराने का प्रयास करने की बात कही। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार गांधी के विचारों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास कर रही है।

सामूहिक रूप से गाया गया ‘रघुपति राघव राजा राम’:

प्रतिमा स्थापना के अवसर पर उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ का सामूहिक गायन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. मनोज कुमार ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला परिषद सदस्य सुजाता वैद्य ने किया। संचालन वरिष्ठ पत्रकार प्रसून लतांत ने किया।

कार्यक्रम में ग्रामीणों के अलावा शहर के सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद् और गणमान्य लोग मौजूद रहे। इनमें लखनलाल पाठक, सुधांशु भाई, प्रो. विजय कुमार, प्रो. शिवनारायण, भावेश यादव, डॉ. सुधीर मंडल, डॉ. अमित कुमार, धनंजय यादव, हलधर मांझी, प्रेमा कुमारी, सिद्धार्थ शंकर झा, त्रिभुवन कुमार, विभाष यादव, आनंदी महतो, शशिधर मंडल, अजय कुमार पाण्डेय, मो. आफताब खान सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: